‘काव्य सरोवर’ में 40 कवियों की रचनाओं की गूंज, साहित्य सदन में सजी साहित्यिक शाम

दिल्ली। साहित्य सदन मंगोलपुर खुर्द में 9 नवंबर 2025 को एक भव्य साहित्यिक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दो पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। पहली पुस्तक “चलो नई शुरुआत करें” (नाटक संग्रह) के लेखक डॉ. अशोक सम्राट हैं, जबकि दूसरी पुस्तक “काव्य सरोवर” एक साझा संग्रह है जिसमें 40 कवियों की रचनाएं संकलित हैं। इस काव्य संग्रह के संपादक डॉ. अशोक सम्राट हैं तथा सह-संपादक डॉ. इन्द्रजीत सिंह ‘इन्द्र’ और राजकुमार अर्जुन हैं। दोनों पुस्तकों का प्रकाशन साहित्य श्री प्रकाशन द्वारा किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. हरिसिंह पाल, महामंत्री, नागरी लिपि परिषद दिल्ली उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में डॉ. राजबाला राज, कवयित्री व संस्थापिका अखिल भारतीय राज साहित्य संस्था (हिसार) तथा प्रांतीय अध्यक्षा हरियाणा; नमिता नमन, सुप्रसिद्ध कवयित्री एवं साहित्यकार दिल्ली; सावित्री मलिक, वरिष्ठ साहित्यकार एवं संपादक काव्य शैली पत्रिका; और राम अवतार बैरवा, सहायक निदेशक, आकाशवाणी दिल्ली शामिल रहे।
इस अवसर पर एक भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। मंच संचालन डॉ. इन्द्रजीत सिंह ‘इन्द्र’ ने किया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से पूरे समारोह को जीवंत बनाए रखा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी कवियों का स्वागत अंगवस्त्र, सम्मान पत्र और काव्य सरोवर की प्रतियों के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. इन्द्रजीत सिंह ‘इन्द्र’ को काशी हिन्दी विद्यापीठ द्वारा प्रदान की गई ‘विद्या वाचस्पति’ की उपाधि से डॉ. राजबाला ‘राज’ ने सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. हरिसिंह पाल ने चलो नई शुरुआत करें और काव्य सरोवर दोनों पुस्तकों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. अशोक सम्राट का यह प्रयास साहित्य जगत के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।




