Uncategorized

श्री श्याम वंदना महोत्सव: दरबार मेरे श्याम का सबको बुला रहा है… -दुबई-मुंबई से कीर्तन सुनने आए श्रोता

 

जयपुर। श्री श्याम सेवा संघ, मानसरोवर का 21वां श्री श्याम वंदना महोत्सव टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के दीप स्मृति ऑडिटोरियम में भक्तिभाव से मनाया गया। खाटू की तर्ज पर सजे श्याम प्रभु के दरबार में दोपहर से देर शाम तक मधुर भजनों की ऐसी स्वर लहरियां बिखरी की श्रोता अपने स्थान से उठकर नाचने लगे। श्री श्याम सेवा संघ मानसरोवर के अध्यक्ष विमल सोनी ने बताया कि सालासर बालाजी मंदिर के जय पुजारी, प्रख्यात ज्योतिषी डॉ. केदार शर्मा ने श्याम प्रभु के दरबार में प्रज्जवलित अखंड ज्योति में आस्था की आहुतियां अर्पित की। संतों-महंतों, जन प्रतिनिधियों, गायक-गायिकाओं सहित अन्य गणमान्य लोगों का संस्था परिवार की ओर से सम्मान किया गया। उस समय कई श्रद्धालुओं की आंखों से आंसू छलक पड़े जब अपना घर आश्रम की संचालिका डॉॅ. माधुरी भारद्वाज ने प्रवेश किया। हजारों बच्चों का जीवन संवार रही माधुरी के सम्मान में सभी लोग उठ खड़े हुए। मोरछड़ी देकर उनका सम्मान किया गया। भजन गायकों ने अपना मेहनताना अपना घर संस्थान को भेंट कर दिया।
कोरोनाकाल से लेकर अब तक जितने भी श्याम प्रेमी दिवंगत हुए हैं उनकी तस्वीर श्याम प्रभु के दरबार में लगाई गई। ऐसा लग रहा था कि श्रोता के रूप में वे बाबा के कीर्तन में उपस्थित है और सूक्ष्म शरीर से कीर्तन का श्रवण कर रहे हैं। चंदन और केसर की महक से सुवासित ऑडिटोरियम में रंग-बिरंगे फूलों से किए गए बाबा श्याम के मनमोहक श्रृंगार को श्रद्धालु एकटक निहारते रहे। अनाथ बच्चों के लिए अपना घर आश्रम का संचालन कर रही आश्रम की संस्थापिका डॉ. माधुरी भरद्वाज का कर्मवीर के रूप में सम्मान किया गया।
बाबा श्याम प्रभु के दिव्य कीर्तन के प्रति भक्तों के उत्साह का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि लोग अपने घर पर मिठाई तैयार कर बाबा को भोग लगाने के लिए लेकर आए। इसमें बाबा को अति प्रिय खीर- चूरमा भी शामिल है। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती के बाद इस प्रसाद का वितरण किया गया।
*इन्होंने बिखेरे श्याम वंदना के स्वर:*
श्याम वंदना महोत्सव में जयपुर के समस्त प्रमुख मंडलों के अलावा राजस्थान और अन्य प्रदेशों से श्याम भक्तों ने बाबा के दरबार में भजनों से हाजिरी लगाई। इनमें सुप्रसिद्ध भजन गायिका रश्मि शर्मा ने हमें रख लेना श्याम तेरी दरबारी में, संजय पारीक ने हम तो खड़े तेरे द्वार सुन ले करण पुकार…, गोपाल सेन ने खाटू बुला रहा है कृपा नहीं तो क्या है…, निशा-गोविंद शर्मा ने किस्मत वालों को श्याम तेरा दरबार…नेत्रहीन कविता चौधरी ने दरबार मेरे श्याम का सबको बुला रहा है…जैसे भजन सुनाकर तालियां बटोरी। राज राठौड़, शैली शर्मा, सागर शर्मा, आदित्य छीपा, खुशबू यादव, प्रसिद्ध संगीतकार आकाश बाबा ने भी एक से बढक़र एक भजन सुनाए। वरिष्ठ भजन लेखक चंद्रशेखर लहरी को भावाभिव्यक्ति पत्र से सम्मानित किया गया। आदित्य मोदी का भी अभिनंदन किया गया। सुनील मोदी, सरला मोदी दुबई से इस कीर्तन में शामिल होने पहुंचे। दिल्ली,मुंबई, कोलकाता सहित देश के सभी प्रसिद्ध शहरों से लोग श्रोता के रूप में कीर्तन में पहुंचे।

चढ़ावे की राशि होगी सेवा में खर्च:

श्री श्याम वंदना महोत्सव में बाबा श्याम के श्री चरणों में रखी श्याम ध्वजाएं और मोरछड़ी भक्तों को प्रसाद रूप में भेंट की गई। लोगों ने इस अनूठे प्रसाद को माथे से लगाकर ग्रहण किया। विमल सोनी ने घोषणा की किकीर्तन में प्राप्त चढ़ावा राशि जरुरतमंदों की शिक्षा, अनाथ आश्रम की सहायता, गोसेवा जैसे परोपकारी कार्यों में खर्च की जाएगी। कार्यक्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा, रेवेन्यू, पुलिस चिकित्सा सहित सभी क्षेत्रों से अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!