चाय वेड्स एलआईआईटी’ इवेंट में 50 तरह की चाय का अनोखा संगम
जयपुर। आरसीडब्ल्यूएस (RCWS) द्वारा टी ट्रेडिशन रेस्टोरेंट में ‘चाय वेड्स एलआईआईटी’ नामक एक अनोखे और आकर्षक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की थीम चाय और एलआईआईटी (लॉन्ग आइलैंड आइस टी) की प्रतीकात्मक “शादी” पर आधारित थी, जिसने एक रंगीन और कल्पनाशील माहौल को साकार किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत के विभिन्न हिस्सों से लाई गई करीब 50 प्रकार की चाय लोगों को चखने के लिए प्रस्तुत की गई। खास बात यह रही कि इन सभी चाय में एक भी दूध वाली चाय शामिल नहीं थी, फिर भी उपस्थित लोगों ने इनका स्वाद लेकर काफी सराहना की और इसका भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और विशेष रूप से हर्बल चाय की खूब प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
आरसीडब्ल्यूएस की संस्थापक सन्योगिता राठौर ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच स्वास्थ्यवर्धक चाय को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित हो सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टी ट्रेडिशन रेस्टोरेंट के मालिक दीपक मटोलिया तथा आरसीडब्ल्यूएस के डायरेक्टर शगुन दालवी, दीपम शर्मा और कविता कुडिवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस अनोखी पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य और स्वाद का सुंदर संगम बताया।



