संस्मरण- स्विट्जर लैंड की केबिल कार यात्रा -अमृत बिसारिया स्विट्जरलैंड

स्विट्ज़रलैंड की शांत वादियाँ, ऊँचे पर्वत और स्वच्छ हवा मन को उस दुनिया में ले जाती हैं जहाँ प्रकृति अपना सर्वश्रेष्ठ रूप दिखाती है। हम जिस रिज़ॉर्ट में ठहरे थे, बर्फ की सफेद चादर से ढँकी हुई, ढलानों के बीच बसा था, जिसकी खिड़कियों से नीचे फैली घाटियाँ किसी चित्रकार की कूची से बनी लगती थीं। सुबह की हल्की धूप जब बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती, तो चमक ऐसा एहसास देती मानो पर्वतों ने चाँदी का परिधान ओढ़ लिया हो।
केबिल कार की यात्रा स्वयं में रोमांचक अनुभव था। 6 किलोमीटर लंबा ग्रिंडेलवाल्ड-मैनलिचेन गोंडोला केबलवे दुनिया का सबसे लंबा केबलवे है। यह यात्रा 30 मिनट की थी और यात्रियों को बर्नीज़ आल्प्स में जंगफ्राउ पर्वत और आइगर पर्वत के शानदार दृश्य देखने को मिलते है।
मेरा पूरा परिवार साथ था, हम केबिल कार में बैठ गए और जैसे ही केबिल कार ऊपर उठी, नीचे बिछी सफ़ेद चादर और चीड़ के पेड़ों की कतारें धीमे-धीमे छोटी दिखाई देने लगीं। हवा में ठंडक थी, पर दृश्य इतने मनमोहक कि ठिठुरन का एहसास भी सुखद लगने लगा। बीच रास्ते अचानक बर्फबारी शुरू हो गई—नन्ही-नन्ही ओसकण या बादल के टुकड़े जैसी बर्फ की फुहारें काँच पर गिरकर पिघल जातीं, और बाहर का दृश्य धुंधली कविता-सा सुंदर हो उठता।
ऊपर पहुँचकर लगा मानो बादलों के बीच खड़े हों। चारों ओर सफ़ेदी, शांत वातावरण और दूर तक फैली वादियाँ मखमली बर्फ से आच्छादित, सब मिलकर एक अद्भुत अनुभूति का रसास्वादन करा रहे थे। स्विट्ज़रलैंड की यह यात्रा केवल घूमना नहीं, बल्कि मन को प्रकृति से जोड़ लेने का अनुभव बन गई, जिसकी यादें लंबे समय तक मन में ताज़ा रहेंगी।
अमृत बिसारिया
स्विट्जरलैंड




