विश्व सनातन संघ की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, नई नियुक्तियाँ घोषित
सत्येंद्र सिंह सिसोदिया बने राष्ट्रीय सम्पर्क प्रमुख राजेश शर्मा को गुजरात प्रदेश अध्यक्ष व सरिता यादव को महिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

जयपुर। विश्व सनातन संघ की विशेष बैठक निवारू रोड स्थित लक्ष्य एसोसिएट, झोटवाड़ा में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सलाहकार जे.पी. शर्मा एवं मुख्य सचिव व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान संगठन के देशभर में विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों की अनुशंसा पर सतेन्द्र सिंह सिसोदिया को राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख, राजेश शर्मा को गुजरात प्रदेश अध्यक्ष तथा सरिता यादव को गुजरात महिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही राजेश शर्मा को उत्तर भारत में संगठन विस्तार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा, कोषाध्यक्ष भीम कुमार कुशवाहा, मुख्य सचिव शंभु दयाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न प्रदेशों से भी पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई, जिनमें महाराष्ट्र से मयूर मिश्रा, उत्तराखंड प्रभारी वेणीराम उनियाल, झारखंड विकास मंडल एवं मध्य प्रदेश से नरेंद्र सिंह सहित कई सदस्यों की सहमति दर्ज की गई।
नियुक्ति के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने देशभर में सनातन एकता संकल्प अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा ने कहा कि यह बैठक संगठन की मजबूती, सनातन धर्म की एकता और महिला सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने शीघ्र ही सनातन नारी एकता सुरक्षा अभियान को देशव्यापी स्तर पर प्रारंभ करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि हर भारतीय को धर्म, राष्ट्र और महिला सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित होना चाहिए तथा असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए शासन-प्रशासन के साथ समन्वय आवश्यक है, ताकि समाज में शांति और सद्भाव बना रहे।
अंत में चन्द्रभान शर्मा ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकता, सशक्तिकरण और सनातन धर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया।




