धूप छांव फाउंडेशन ने मेहनतकश व जरूरतमंदों के लिए आयोजित किया पौष बड़ा आयोजन।

जयपुर। धूप छांव फाउंडेशन, जयपुर निस्वार्थ सेवा कार्यों में निरंतर अग्रसर है। इसी कड़ी में 4 जनवरी, शनिवार को फाउंडेशन ने वैशाली नगर स्थित नर्सरी सर्किल पर मजदूर वर्ग के लिए पौष बड़ा महोत्सव का आयोजन किया।
इस अवसर पर मेहनतकश लोगों के लिए पौष बड़ा प्रसादी में सब्जी, पूरी, दाल के पकोड़े और मीठा दलिया परोसा गया। इस भोजन सेवा का लाभ 175 जरूरतमंद लोगों ने उठाया। पौष मास को ध्यान में रखते हुए यह विशेष मेनू तैयार किया गया, जिसे पाकर मजदूर वर्ग बेहद प्रसन्न दिखाई दिए।
फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष मीरा अग्रवाल ने बताया कि यह उनकी संस्था द्वारा आयोजित चौथी भोजन प्रसादी सेवा थी। इस सेवा का उद्देश्य मजदूर वर्ग, आश्रमों में रह रहे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना है। हर बार 125 से 150 लोगों के लिए भोजन तैयार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य टीम के आपसी सहयोग और भामाशाहों के आर्थिक योगदान से सफलतापूर्वक संपन्न होता है। फाउंडेशन ने सभी दानदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वह उन्हें इस निस्वार्थ सेवा के लिए सामर्थ्य प्रदान करें।
धूप छांव फाउंडेशन का उद्देश्य केवल भोजन सेवा तक सीमित नहीं है। संस्था महिलाओं के लिए आत्मरक्षा शिविर, लोगों को आत्मनिर्भर बनाना, सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए खेल-कूद और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन तथा आवश्यक पाठन सामग्री उपलब्ध कराना जैसे सेवा कार्य भी करती है।
इस कार्यक्रम में फाउंडेशन की पूरी टीम सक्रिय रही। मीरा अग्रवाल, विजय गुप्ता, गंगा लहरी, संजय गर्ग, सत्यभामा गुप्ता, सोनल गुप्ता, भूमिका अग्रवाल, देव अग्रवाल और इशिता अग्रवाल ने अपनी सेवाएं प्रदान कर इस आयोजन को सफल बनाया।
धूप छांव फाउंडेशन का यह सेवा कार्य समाज के प्रति उनके समर्पण और निस्वार्थ भाव का प्रतीक है।