Uncategorized

विधायक भड़ाना ने रेलवे रोड पर झाड़ू से सफाई की खुद उठाया कचरा

 

समालखा । लोकेश झा। स्वस्थ समालखा और सुंदर समालखा’ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक मनमोहन भड़ाना के नेतृत्व में वार्ड नंबर एक 12 और 17 में आयोजित इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान विधायक स्वयं झाड़ू लेकर रेलवे रोड पर सफाई करते नजर आए। उन्होंने सड़क किनारे जमा कचरा उठाकर कूड़ा गाड़ी में डाला और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।


अभियान के दौरान विधायक भड़ाना ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्वयंसेवकों के साथ मिलकर सफाई की। उन्होंने दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों से बातचीत करते हुए अपील की वे सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें तथा आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। अभियान के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और समालखा को साफ-सुथरा बनाने का संदेश दिया गया।
विधायक भड़ाना ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने कार्यालय के बाहर से भी स्वयं कचरा उठाया, ताकि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। त्योहारों के सीजन को देखते हुए शहरवासियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और इधर-उधर कचरा फेंकने से बचना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामूहिक प्रयास है। जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका निर्वहन करेगा तभी समालखा स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सकेगा। अभियान में शामिल सभी लोगों ने समालखा विधानसभा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया तथा आमजन से भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीएम अमित श्रीवाल, नगर परिषद चेयरमैन अशोक कुच्छल, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि विकास कुहाड़, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुभाष कुहाड़, शहरी मंडल अध्यक्ष रेखा गोयल महिला मोर्चा सचिव शिवानी पांचाल, पार्षद मनीष बेनीवाल, पार्षद संजय गोयल, पार्षद कप्तान छौक्कर, पंजाबी धर्मशाला के प्रधान नंदलाल अरोड़ा, नगर परिषद सचिव प्रिंस मेहंदीरत्ता, गौरव जेई, स्नेह गर्ग विधायक प्रतिनिधि विजय शेखर व शारिक सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!