पारंपरिक परिधानों में दिखा मातृशक्ति का उत्साह, मिला प्रकृति प्रेम का संदेश

जयपुर – सार्थक सेवा संस्थान ग्रुप द्वारा बुधवार को मानसरोवर स्थित स्कोन रोड के पंख रेस्टोरेंट में पारंपरिक उत्सव लहरिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सौ से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जिन्होंने पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजकर सावन की रौनक को जीवंत कर दिया। रंग-बिरंगी लहरियों की साड़ियों, हाथों में मेहंदी और राजस्थानी आभूषणों में सजी महिलाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के साथ हुई। ‘सावन की सुंदरी’ का चयन किया गया, रैंप वॉक, डांस और अन्य मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप उपहार भेंट किए गए। मंच संचालन बिंदिया शर्मा एवं गरिमा जैन ने कुशलता से किया। रैंपवॉक विजेताओं की घोषणा कानन बाला भट्ट, प्रियंका शर्मा, पुष्पा वशिष्ठ व मीना शर्मा ने की, वहीं डांस प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा शालू शर्मा, सुमन और मीनाक्षी सैन ने की।कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता का भी संदेश दिया गया। संस्थान द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी निशुल्क पौधे एवं परिंडे वितरित किए गए। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। संस्था के संस्थापक प्रकाश शर्मा ने बताया कि सार्थक सेवा संस्थान शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। गरीब बच्चों के लिए नि:शुल्क कक्षाएं चलाई जा रही हैं और उन्हें पाठ्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है। भविष्य में भी संस्था समाजसेवा के इन कार्यों को और अधिक विस्तार देगी। अंत में प्रकाश शर्मा ने सभी मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और पर्यावरण व संस्कृति संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।