जयसिंहपुरा खोर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव , -तेरह सौ महिलाओं ने निकाली कलश शोभायात्रा

जयपुर। घुमंतु जाति उत्थान न्यास की ओर से राम लला मंदिर निर्माण की प्रथम वर्षगांठ पर जयसिंहपुरा खोर की चेतना नगरी घुमंतु बस्ती में शुक्रवार को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से पूर्व गुरुवार को कलश शोभायात्रा निकाली गई। अजर अमर महादेव मंदिर से गाजेबाजे के साथ निकली कलश यात्रा में सर्व समाज की करीब 1300 महिलाएंसिर पर मंगल कलश लेकर चल रही थी। करीब सात सौ लोग हाथों में झंडे लिए जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा के साथ गणेश जी, मातारानी, बालाजी, बाबा रामदेव की मूर्तियों को नगर भ्रमण कराया गया। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश शोभायात्रा का स्वागत किया। महानगर घुमन्तु कार्य संयोजक राकेश शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय घुमंतु कार्य प्रमुख दुर्गादास, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित कई संत-महंत अनेक विशिष्ट लोग भी कलश शोभायात्रा में साथ चल रहे थे। राम-लक्ष्मण-जानकी, हनुमान जी महाराज और चार वानर कलश यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश शोभायात्रा चेतना नगरी घुमंतु बस्ती पहुंची। यहां कलशों की आरती उतारी गई। मूर्तियों का अधिवास पूजन किया गया। बस्ती के स्थानीय लोगों,घुमन्तु कार्य विभाग के कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने कलश शोभायात्रा की व्यवस्था संभाली।
प्राण प्रतिष्ठा-धर्म सभा आज:* 24 जनवरी को सुबह दस बजे से 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली प्रज्ञागीतों के साथ यज्ञ संपन्न कराएंगी। गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ और गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के कार्यकर्ता समयदान करेंगे। यज्ञ में गायत्री और महामृत्युंजय महामंत्र के अलावा अन्य विशिष्ट मंत्रों से आहुतियां प्रदान की जाएंगी। एक ओर गायत्री महायज्ञ होगा और दूसरी वेद मंत्रोच्चार के साथ देव प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा के बाद धर्म सभा होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जयपुर प्रांत प्रचारक बाबूलाल मुख्य वक्ता होंगे। राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के अध्यक्ष तथा ओवरसीज फ्रेंडस ऑफ राम मंदिर अमेरिका के संस्थापक प्रेम भंडारी धर्म सभा की अध्यक्षता करेंगे। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत होंगे।
*शाम को कुंभ के लिए रवाना होंगे धर्मगुरु:*
24 जनवरी को शाम सात बजे प्रदेशभर के घुमंतू समाज के 35 धर्म गुरु सहित 45 लोगों का जत्था अंबावाड़ी स्थित स्वस्तिक भवन से कुंभ यात्रा के लिए रवाना होगा।