श्री सत्य साईं महिला स्वशासी महाविद्यालय, भोपाल का स्वर्ण जयंती महोत्सव एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
त्रिदेवों की शक्ति: युगधारा

भोपाल, 7 फरवरी 2025 – श्री सत्य साईं महिला स्वशासी महाविद्यालय ने अपनी स्थापना के 50 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती महोत्सव एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि राज्य मंत्री कृष्णा गौर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा श्री सत्य साईं सेवा संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष निमिष पंड्या ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
उद्घाटन एवं स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वेदोच्चारण से हुआ। महाविद्यालय की निदेशक डॉ. प्रतिभा सिंह एवं प्राचार्य डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। महाविद्यालय शासी परिषद के अध्यक्ष श्री जम्बू भंडारी ने स्वागत भाषण दिया और संस्था के 50 वर्षों की उपलब्धियों को बाबा के आशीर्वाद एवं परिश्रम का परिणाम बताया।
मुख्य अतिथियों के विचार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में महाविद्यालय का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने में युवा पीढ़ी की भूमिका अहम होती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में छात्राओं के लिए ऑडिटोरियम और रिसर्च लेब बनाने की घोषणा भी की।
विशेष अतिथि कृष्णा गौर ने महाविद्यालय की सफलता को पूर्ण समर्पण का परिणाम बताया और छात्राओं को मेहनत और कर्म पर विश्वास रखने की प्रेरणा दी।
निमिष पंड्या ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा ने नारी शिक्षा को प्राथमिकता दी थी, और इसी सोच के तहत इस महाविद्यालय की नींव रखी गई थी।
उत्कृष्ट छात्राओं का सम्मान
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया:
गोल्ड मेडल – 8 छात्राओं को प्रदान किया गया।
प्रावीण्य सूची सम्मान – 11 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
स्नातक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन – कु. गरिमा पटेल (बी.कॉम. तृतीय वर्ष) को श्रीमती भागीरथी अम्मा स्वर्ण पदक दिया गया।
स्नातकोत्तर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन – कु. भावना गोस्वामी (एम.ए. अंग्रेजी) को श्री बाबूराव पिंपलापुरे स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
एनसीसी सर्वश्रेष्ठ कैडेट – कु. श्यामा प्रिया सिंह (बी.कॉम. तृतीय वर्ष) को सम्मानित किया गया।
एनएसएस सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक – कु. पलक परमार (बी.कॉम. तृतीय वर्ष) को पुरस्कार मिला।
राष्ट्रीय सेवा योजना गणतंत्र दिवस परेड सम्मान – कु. अंशिका जोशी (बी.कॉम. द्वितीय वर्ष) को 26 जनवरी 2025 को कर्तव्य पथ, नई दिल्ली परेड में भाग लेने के लिए सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: ‘त्रिदेवों की शक्ति – युगधारा’
पुरस्कार वितरण के उपरांत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिली।
त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु और महेश की महिमा का शानदार मंचन किया गया।
विष्णु के दशावतार (मत्स्य, कूर्म, नृसिंह, वामन, परशुराम, श्रीराम, श्रीकृष्ण) का भावपूर्ण प्रदर्शन हुआ।
राधा-कृष्ण नृत्य, शबरी की भक्ति, द्रौपदी का सामर्थ्य, भगवान बुद्ध और यशोधरा के त्याग को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुपमा चौहान (विभागाध्यक्ष, हिंदी) एवं डॉ. स्मिता नायर (विभागाध्यक्ष, गणित) ने किया। संयोजन की जिम्मेदारी डॉ. मीना पाराशर एवं डॉ. शोभना श्रीवास्तव ने संभाली।
कार्यक्रम का समापन बाबा की महामंगल आरती से हुआ, जिसके साथ ही यह स्वर्णिम उत्सव सनातन संस्कृति की दिव्य आभा में अनंत स्मृतियों के साथ सम्पन्न हुआ।