फागोत्सव में बिखरे रंगों के संग प्रेम और उल्लास

जयपुर। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों, उमंग और अपनेपन का अद्भुत संगम है। यह पर्व जीवन में प्रेम और सौहार्द्र का संचार करता है और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। फाल्गुन माह और श्याम प्रभु की असीम कृपा से हर साल की तरह इस वर्ष भी नव जन जागृति मंच व अन्नपूर्णा नारी संगठन जयपुर के तत्वाधान में भव्य फागोत्सव का आयोजन किया गया।
संगठन की सदस्य अनुराधा शर्मा के निवास स्थान 21, साउथ निवारू रोड पर आयोजित इस समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर बधाइयाँ दीं। कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही और गीत-संगीत से वातावरण उल्लासमय हो गया।
इस अवसर पर मंजू शर्मा (पूर्व उपाध्यक्ष, विप्र कल्याण बोर्ड), नमिता अग्रवाल, डॉ. सुरभि सिंह, तारा बागड़ा, अर्चना शर्मा, पूर्वी साईवाल, अनीता श्रीवास, प्रिया शर्मा सहित कई गणमान्य महिलाएँ उपस्थित रहीं।
सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक गीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुति ने समां बाँध दिया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और रंगों की मस्ती में सराबोर हो गए।