Uncategorized

अनूठा वर वरण…संतों-महंतों ने पखारे दलित दुल्हों के चरण -एक ही पांडाल में हुआ 54 जोड़ा का पाणिग्रहण संस्कार

सेवा भारती समिति का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न

 

जयपुर। सेवा भारती समिति की ओर से जानकी नवमी पर सोमवार को अम्बावाड़ी स्थित उच्च माध्यमिक बालिका आदर्श विद्या मंदिर में सर्वजातीय चतुर्दशम सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न हुआ। घर जैसे माहौल में एक ही मंडप में सोलह समाजों के 54 जोड़ों ने एक दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। इनमें दस अंतर्जातीय जोड़े भी थे। एक वधू के माता-पिता दोनों ही नहीं थे। उनके विवाह का संपूर्ण दायित्व सेवा भारती ने निभाया। पंडितों ने वैदिक विधि से पाणिग्रहण संस्कार संपन्न करवाया। सेवा भारती के सदस्य ऐसे उत्साहित थे जैसे कि घर में विवाह हो रहा हो। सेवा भारती की महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहने नजर आई और फेरों से पूर्व की रस्में करवाई। सोलह श्रृंगार कर बरी के बेस में दुल्हनों ने अपने-अपने दूल्हे राजा के संग फेरे लिए।

इस दौरान सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिली। सालासर बालाजी मंदिर के विष्णु पुजारी, गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के मनु महाराज, महंत हरिशंकरदास वेदांती, अकिंचन महाराज सहित अनेक संतों-महंतों ने दलित दूल्हों के पैर धोए। भावपूर्ण दृश्य देखकर वर-वधु के परिजनों की आंखे सजल हो उठी। इससे पूर्व गाजेबाजे और लवाजमे के साथ विद्याधर महादेव मंदिर से बारात रवाना हुई। सभी 54 दूल्हे सजधज कर अलग-अलग घोड़ी पर बैठ कर विवाह स्थल पहुंचे और तोरण मारा। तोरण की रस्म के बाद स्टेज पर वरमाला कराई गई।
*उपहार इतने लोडिंग टैंपों पड़ गए छोटे:*
समिति की ओर से दूल्हा-दुल्हन को अपने जीवन की नई शुरुआत करने के लिए अनेक सामान उपहार स्वरूप दिए गए। इसमें सोने-चांदी के आभूषणबैड, अलमारी, पंखा, सिलाई मशीन, बक्सा, बर्तन, कपड़े सहित करीब दो दर्जन आयटम थे। सीतारामजी तस्वीर, तुलसी का पौधा, तुलसी माला, पुस्तक भी उपहार स्वरूप दी गई। इतना अधिक सामान के आगे लोडिंग वाहन भी छोटा पड़ गया। आनन फानन में बड़े लोडिंग वाहन मंगवाने पड़े।

 

इन्होंने दिया आशीर्वाद:

खोजी द्वारचार्य रामरिछपाल दास महाराज, श्री नारायण धाम के रामरतन दास महाराज, सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के महंत अवधेशाचार्य, अकिंचन महाराज, मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के महंत पं. कैलाश शर्मा, खोले के हनुमान मंदिर के महामंत्री बृजमोहन शर्मा,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम, प्रांत प्रचारक बाबूलाल, मूलचंद सोनी, शिव लहरी , विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित अनेक विशिष्टजनों ने नव विवाहित जोड़ों को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया। समिति ने सभी को शॉल ओढ़ाकर, नारियल तथा माला पहनाकर सम्मान किया।

विवाह समिति में संयोजक नवल बगडिय़ा, गिरधारी लाल शर्मा, नागरमल अग्रवाल, कैलाश शर्मा, हरिकृष्ण गोयल, सुरेश मोहन जोशी, रामबाबू अग्रवाल, रमेश डेरेवाला, डॉ. एसपी शर्मा, सुमन बंसल, रितु चतुर्वेदी एवं अन्य ने विवाह की व्यवस्थाओं की बागडोर संभाले रखी। कार्यक्रम का संचालन हनुमान सिंह भाटी ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!