योग करें, निरोग रहें फतेहाबाद महिला मंडल ने योग दिवस मनाया

फतेहाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 21 जून को फतेहाबाद महिला मंडल द्वारा श्याम वाटिका, सहारनपुर रोड पर भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की बहनों ने एकत्र होकर उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और योग के महत्व को समझा।
कार्यक्रम की केंद्रीय खेलकूद संयोजिका श्रीमती रेनू संजय अनवारिया ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह मनुष्य को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखता है। योग से न केवल शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि आत्मबल भी बढ़ता है, जिससे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाना आसान हो जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि नियमित योग अभ्यास से अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। योग और ध्यान से मन को शांति मिलती है तथा व्यक्ति हर परिस्थिति से लड़ने में सक्षम बनता है। बीमारी आने के बाद इलाज के लिए भागदौड़ करने से अच्छा है कि आज से ही योग को अपनाया जाए।महिला मंडल की बहनों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ विभिन्न योगासन किए और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता फैलाना और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में फतेहाबाद महिला मंडल की सभी बहनों ने विशेष योगदान दिया।