कशिश काव्य मंच का पंचम वार्षिक उत्सव : विराट कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन

दिल्ली। साहित्य और संस्कृति को समर्पित कशिश काव्य मंच (रजिस्टर्ड साहित्यिक संस्था) इस बार अपने पंचम वार्षिक उत्सव को एक अनोखे अंदाज़ में मनाने जा रहा है। हिंदी दिवस के अवसर पर रविवार, 14 सितम्बर 2025 को भव्य विराट कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन हिंदी भाषा और साहित्य के सम्मान को समर्पित होगा, जिसमें देश के कोने-कोने से आए ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं की मधुर गूंज से वातावरण को सराबोर करेंगे। गीत, ग़ज़ल और कविताओं की झड़ी लगने से यह मंच श्रोताओं को साहित्यिक सौंध से भर देगा। आयोजन के संयोजक पवन मल्होत्रा जी की नई टोली इस उत्सव को नई उड़ान और ऊँचाई प्रदान करेगी। वहीं कंचन जी के विलक्षण और सधे हुए मंच संचालन से पूरा कार्यक्रम और भी जीवंत व आकर्षक बनेगा।
कार्यक्रम में श्रेष्ठ कवियों को आमंत्रित किया गया है, जिनकी अनुपम प्रस्तुति श्रोताओं के लिए एक यादगार अनुभव होगी। साथ ही काव्य रचना और साहित्यिक योगदान के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले रचनाकारों का सम्मान भी किया जाएगा।
कशिश काव्य मंच हमेशा से साहित्यकारों और पाठकों के बीच सेतु का कार्य करता आया है। इस बार हिंदी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल काव्य प्रेमियों के लिए उत्सव होगा बल्कि हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा को भी और मजबूत करेगा।



