Uncategorized

गोविंद देवजी मंदिर में पहली बार हुई हस्तलिखित गायत्री महामंत्रों की ऐतिहासिक परिक्रमा पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न, भेंट राशि राम नाम धन संग्रह बैंक में की गई जमा

 

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर के पूर्व महंत श्रील प्रद्युम्न देव गोस्वामी महाराज के तिरोभाव उत्सव के समापन अवसर पर रविवार को गोविंद देवजी मंदिर के सत्संग भवन में करोड़ों हस्तलिखित गायत्री महामंत्रों की परिक्रमा की गई। देशभर में अपनी तरह का यह पहला आयोजन था। करीब 35 हजार श्रद्धालुओं ने करीब 38 लाख परिक्रमा की। श्रद्धालुओं की अत्यधिक आग्रह पर साढे 17 अरब हस्तलिखित राम नाम की परिक्रमा भी रविवार को यथावत जारी रही। राधे राधे, जय श्री कृष्ण और जय श्री राम के जय घोष के साथ श्रद्धालुओं ने गायत्री मंत्र का मन ही मन उच्चारण के साथ परिक्रमा की।देव पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर परिक्रमा का शुभारंभ किया। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने शाम के सत्र में राम नाम और गायत्री महामंत्र की परिक्रमा की। मंदिर प्रबंधन, गायत्री परिवार और राम नाम धन संग्रह बैंक के पदाधिकारियों ने गोपाल शर्मा का अभिनंदन किया। गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओम प्रकाश अग्रवाल, ट्रस्टी सतीश भाटी, गायत्री शक्ति पीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा सहित विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी परिक्रमा की।

परिक्रमा के साथ ही निशुल्क पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ। दस पारियों में श्रद्धालुओं ने यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित की। आचार्य पीठ से गायत्री कचोलिया , गायत्री तोमर, दिनेश आचार्य, डॉ अजय भारद्वाज ने यज्ञ संपन्न कराया। पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित समस्त भेंट राशि को राम नाम धन संग्रह बैंक में जमा किया गया। इस राशि से राम नाम लेखन की पुस्तिकाएं खरीदी जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को आजीवन पुण्य लाभ प्राप्त होगा। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने भी इस पुण्य कार्य में अंशदान किया।

*आध्यात्मिक प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र*
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को गायत्री मंत्र लेखन पुस्तिकाओं एवं गायत्री चालीसा का निशुल्क वितरण किया गया। सत्संग भवन में गायत्री चेतना केन्द्र, जनता कॉलोनी की ओर से बुक फेयर आयोजित किया गया, जहां धर्म, संस्कृति, संस्कार एवं महापुरुषों की जीवनी पर आधारित पुस्तकों का लागत मूल्य पर वितरण हुआ। साथ ही गायत्री महाविज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से वेद-पुराणों में वर्णित गायत्री महामंत्र के आध्यात्मिक, वैज्ञानिक एवं भौतिक लाभों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!