दिल्ली में CCDA का भव्य सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी संपन्न
“प्रभाकर प्रज्ञा साहित्य सम्मान” से छह वरिष्ठ रचनाकार हुए अलंकृत, ‘कबीर के चच्चा’ का हुआ विमोचन

दिल्ली। प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्थान CCDA के तत्वावधान में दिनांक 18 जनवरी 2025 को शर्मा न्यू आर्ट्स कॉलेज, शक्ति नगर चौक, दिल्ली के सभागार में भव्य सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल आयोजन CCDA के चेयरमैन अजीत सिंह के कुशल नेतृत्व तथा विशिष्ट अतिथि कुलवीर स्वामी जी की प्रेरक उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार राजेश प्रभाकर ने की, वहीं मंच संचालन का दायित्व पूनम मल्होत्रा ने अत्यंत प्रभावशाली एवं सधे हुए ढंग से निभाया। इस अवसर पर साहित्य जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए छह प्रख्यात रचनाकारों —कंचन वार्ष्णेय ‘कशिश’, अजय कुलश्रेष्ठ, नरेन्द्र शर्मा ‘खामोश’, गोविन्द भारद्वाज, रामस्वरूप दिनकर एवं दीप्ति अग्रवाल को प्रभाकर प्रज्ञा साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण युवा कवयित्री शिल्पा वर्मा के व्यंग्य संग्रह कबीर के चच्चा का पुस्तक विमोचन रहा, जिसे साहित्यप्रेमियों ने खूब सराहा। काव्य गोष्ठी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे करीब 70 रचनाकारों ने उत्कृष्ट काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन के दौरान अतिथियों एवं रचनाकारों के लिए जलपान की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी।
समारोह के समापन पर CCDA के चेयरमैन अजीत सिंह ने सभी रचनाकारों, अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि CCDA निरंतर साहित्य साधकों को सम्मानित करती रहेगी और नवोदित रचनाकारों को मंच प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी। कार्यक्रम साहित्यिक सौहार्द, रचनात्मक ऊर्जा और गरिमामय सम्मान की भावना के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




