भागवत श्रवण से मोक्ष की प्राप्ति संभव : आचार्य सुमंत कृष्ण शास्त्री

चौमू। विराज फाउंडेशन के तत्वावधान में जयपुर रोड स्थित राजविलास गार्डन में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव के द्वितीय दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास आचार्य सुमंत कृष्ण शास्त्री जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद् भागवत का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने से मनुष्य जन्म-मरण के बंधनों से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति करता है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान तपेंद्र सिंह राजावत एवं धर्मपत्नी भाविका कंवर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। आचार्य श्री ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भक्ति, धर्म और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति रस में सराबोर हो उठे। पूरा वातावरण “राधे-राधे” व “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गुंजायमान रहा। विराज फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष भुवनेश तिवाड़ी ने बताया कि सात दिवसीय इस महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोलंकी ने अतिथियों का दुपट्टा एवं राधे-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, बनवारी लाल शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, ओम प्रकाश रीडर, डॉ. सीताराम कुमावत, एडवोकेट मुकेश शर्मा, भीम सिंह राजावत, मुकेश दीक्षित, प्रेम सिंह सोलंकी, राजेंद्र अग्रवाल, रामपाल कुमावत, रामविलास शर्मा, भंवर सैनी, ईश्वर सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




