श्रीजी एग्रो सॉल्यूशंस के बाहर कार दुर्घटना, बालक सुरक्षित फतेहाबाद में बड़ा हादसा टला: बच्चे द्वारा स्टार्ट की गई कार पलटी

फतेहाबाद (आगरा)। श्रीजी एग्रो सॉल्यूशंस, फतेहाबाद में आज एक बड़ा हादसा होने से टल गया। कंपनी के प्रोपराइटर अरुण शर्मा कुछ ही देर पहले ऑफिस से निकले थे कि तभी उन्हें सूचना मिली कि उनके कार्यालय के सामने खड़ी एक पड़ोसी की कार अचानक पलट गई। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी की कार में एक बच्चा खेलते-खेलते जाकर बैठ गया और चाबी लगाकर गाड़ी स्टार्ट कर दी। चूँकि गाड़ी पहले से ही गियर में खड़ी थी, इसलिए स्टार्ट होते ही वह तेज़ी से आगे बढ़ी और ऑफिस की दीवार से टकराकर पलट गई। सौभाग्य से इस दुर्घटना में बच्चे को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी मालिक अरुण शर्मा ने तत्काल क्रेन मंगवाकर गाड़ी को हटवाया और हालात को सामान्य कराया। साथ ही उन्होंने गाड़ी मालिक को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की हिदायत भी दी, ताकि इस प्रकार के हादसों से बचा जा सके। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते किसी बड़ी अनहोनी से बचाव हो गया।




