गाय माता की सेवा में फतेहाबाद महिला मंडल की बहनों का सराहनीय योगदान

अरुण शर्मा। नज़र इंडिया 24
जिला ब्यूरो चीफ
फतेहाबाद। भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में गौ माता को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गाय न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि मानव जीवन के पोषण और स्वास्थ्य का भी आधार है। गाय के दूध, दही, घी, छाछ और गोमूत्र से अनेक औषधीय गुण प्राप्त होते हैं, जबकि गोबर से खाद, उपले और ईंधन बनाने में उपयोग किया जाता है। इसी भाव से प्रेरित होकर फतेहाबाद महिला मंडल की बहनों ने श्री अन्नपूर्णेश्वरी सिकरारा बरीपुरा गौशाला एवं वृद्धा आश्रम सेवा समिति में जाकर गौसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने गौ माता को केला, गुड़, पालक, दलिया आदि खिलाया तथा आश्रम में रहने वाले संतजनों के लिए आटा, रिफाइंड और चावल का वितरण किया। इस सेवा कार्य में प्रमुख रूप से रेनू गुप्ता, भारती गुप्ता, मीना गुप्ता, राखी गुप्ता, अर्चना गुप्ता, अंजली गुप्ता, रिंकी गोलस, पूनम गुप्ता, रजनी गुप्ता, पूनम दोनेरिया सहित कई बहनें उपस्थित रहीं।
महिला मंडल की अध्यक्ष रेनू संजय अनवारिया ने कहा कि गाय माता की सेवा करने से न केवल पुण्य की प्राप्ति होती है, बल्कि घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि भी आती है। गौसेवा हमारे जीवन का आध्यात्मिक और सामाजिक दोनों ही कर्तव्य है। गौसेवा के इस प्रेरणादायक आयोजन की सभी ने सराहना की और इसे समाज में गौसंवर्धन एवं सेवा की भावना को बढ़ाने वाला कदम बताया।




