बिसाऊ में कुरैश समाज की बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास, शानदार अंकों से बढ़ाया समाज का मान
अफरीन और आइसा की सफलता पर कुरैश समाज में खुशी की लहर, घर पहुंचकर किया सम्मान

बिसाऊ।कुरैश समाज की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बिसाऊ निवासी अफरीन, पुत्री रफीक कुरैशी ने 12वीं विज्ञान वर्ग में 95.20% अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे कुरैश समाज का नाम रोशन किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष में कुरैश समाज के जिम्मेदार लोग अफरीन के घर पहुंचे और उसे माल्यार्पण कर, मिठाई खिलाकर तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं कला वर्ग में आइसा, पुत्री अब्दुल सत्तार ने 93.60% अंक प्राप्त कर बिसाऊ में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि ने भी समाज का मान बढ़ाया है और अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
सामाजिक कार्यकर्ता इस्माईल तंवर ने बताया कि दोनों बेटियां साधारण परिवार से आती हैं, जहां माताएं गृहिणी हैं और पिता मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में इन बेटियों की सफलता समाज के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
समाज के बुजुर्गों ने बच्चियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनकी आगे की पढ़ाई में जो भी आवश्यकता होगी, समाज हर संभव सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने अन्य बच्चों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर इस्माईल तंवर, अंजुमन के सेक्रेटरी यूसुफ तंवर, अब्बास तंवर, खालिक कुरेशी, अब्दुल रहीम, इलयास बहलिम, अमजत तंवर, असलम चौहान, सद्दीक कुरेशी, गफूर, आसिफ अब्दुल रहीम तंवर सहित कई गणमान्य लोग एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे और होनहार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।




