होनहार छात्र आयुग स्वामी को मिला ‘राइजिंग सुपर स्टार अवॉर्ड’,
कपिल ज्ञानपीठ विद्यालय ने प्रतिभाशाली छात्र को किया सम्मानित, शिक्षकों ने बताया प्रेरणा स्रोत
जयपुर। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले कपिल ज्ञानपीठ विद्यालय ने अपने होनहार छात्र आयुग स्वामी को उसकी बहुमुखी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘राइजिंग सुपर स्टार अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है। कक्षा 6 में अध्ययनरत आयुग ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा से विद्यालय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। विद्यालय की प्राचार्या ने आयुग को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उसकी सराहना की और उसे “एक उभरती हुई चिंगारी” बताया। उन्होंने कहा कि आयुग स्वामी जैसे विद्यार्थी ही भविष्य को नई दिशा देते हैं। उनके भीतर आत्मविश्वास, सीखने की तीव्र जिज्ञासा और निरंतर मेहनत करने की लगन साफ झलकती है, जो उन्हें आगे चलकर बड़ी उपलब्धियों तक ले जाएगी।
शिक्षकों के अनुसार आयुग न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में अव्वल है, बल्कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है। उसकी सफलता से विद्यालय परिवार और उसके परिजनों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि आयुग स्वामी को मिला यह सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।



