गणेश विहार कॉलोनी में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती
सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और महाआरती के साथ गूंजा पूरा क्षेत्र, प्रसाद वितरण में उमड़े श्रद्धालु

जयपुर। जयपुर के मॉडल टाउन स्थित गणेश विहार कॉलोनी के शिव मंदिर में हनुमान जयंती का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।

मंदिर के महंत चेतन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातःकाल हनुमान जी का विधिवत दुग्धाभिषेक किया गया, जिसके पश्चात सिंदूराभिषेक कर उन्हें नई पोशाक पहनाई गई। इसके बाद फूलों और दूर्वा से आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
दोपहर के समय कॉलोनीवासियों द्वारा सुंदरकांड पाठ, बजरंग बाण एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। वहीं सायंकालीन समय में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम का समापन हनुमान जी की महाआरती के साथ हुआ।
इसके पश्चात बूंदी का भोग लगाकर सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें अनिल शर्मा, सुरेंद्र बिंदल, सिद्धांत शर्मा, रेखा शर्मा, ममता शर्मा, मंजू गुप्ता, हेमलता, सुमन गुप्ता, पिंकी गुप्ता, ज्योति शर्मा, सीमा गुर्जर, मुन्ना धारीवाल, मोनिका गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।
पूरे आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और एकता का संदेश प्रसारित किया।




