काव्यशक्ति फाउंडेशन द्वारा ‘जश्न-ए-आवारगी’ काव्य सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हिंदी भाषा और लेखन प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में सराहनीय पहल

नोएडा, 11 मई 2025। काव्यशक्ति फाउंडेशन द्वारा आयोजित “जश्न-ए-आवारगी” नशिस्त बैठक एवं काव्य सम्मेलन का भव्य आयोजन सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने साहित्यिक जगत में एक नया आयाम जोड़ा और दूर-दराज से आए रचनाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान किया। संस्था की संस्थापिका मधुबाला सिंह ने कार्यक्रम की सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की। संस्था के अध्यक्ष शायर नेमसिंह द्वारा नशिस्त बैठक में शामिल सभी ग़ज़लकारों का विशेष सम्मान किया गया। नशिस्त का संचालन सरताज ने किया।कार्यक्रम में हरियाणा, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, राजस्थान, बिहार, इटावा, रोहतक और भिवानी जैसे अनेक राज्यों एवं शहरों से शायर और ग़ज़लकार सम्मिलित हुए, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ी।
नशिस्त के उपरांत आयोजित कवि सम्मेलन में वीर रस के कवि देवेश अवस्थी अपनी ओजस्वी कविता के साथ सबसे आगे रहे। उनके साथ पूनम अग्रवाल, आरती वर्मा, केशा राम चौहान, शायरा, वंदना, महिमा सिंह, शशि कुमार और बी.आर. सिंह जैसे कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस सत्र का मंच संचालन अभिषेक रंजन ने किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंजू आहूजा को संस्थापिका मधुबाला सिंह एवं अध्यक्ष शायर नेमसिंह द्वारा सम्मान पत्र, प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने संस्था को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए संस्था की इस साहित्यिक पहल की सराहना की।इस अवसर पर मंजू आहूजा ने संस्थापिका और अध्यक्ष को शाल एवं गणेश जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। सभी प्रतिभागियों को संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। अध्यक्ष शायर नेमसिंह ने बताया कि काव्यशक्ति फाउंडेशन का उद्देश्य हिंदी भाषा को बढ़ावा देना और छिपी हुई लेखन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संस्था आने वाले समय में विभिन्न राज्यों में जाकर नई प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने साहित्य प्रेमियों के बीच एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया, जो आने वाले समय में हिंदी साहित्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।