Uncategorized

परशुरामपुरी में माता दुर्गा और भोले बाबा संग विराजे राम-लखन जानकी

 

जयपुर। जल महल स्थित परशुरामपुरी कॉलोनी के नवनिर्मित मंदिर में तीन दिवसीय प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार को नवीन वेदियों पर जयकारों के साथ श्रीराम दरबार, मंगलेश्वर महादेव और मां दुर्गा की मूर्तियों के विराजमान होने के साथ संपन्न हुआ। सभी प्रतिमाओं को नवीन पोशाक धारण कराकर फूलों से अत्यंत मनोहारी श्रृंगार किया गया। संतों महंतों के सनिध्य में उपस्थित सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने महाआरती की। आयोजन से जुड़े सर्वेश्वर शर्मा ने बताया कि परशुरामपुरी कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष नरेश शर्मा (श्याम) एवं अन्य ने भगवान श्रीराम, सीता जी, मंगलेश्वर महादेव और मां दुर्गा की मूर्तियों का पंचामृत से अभिषेक किया। 11 विद्वानों ने वेद मंत्रोच्चार किया। इस अवसर हवन भी हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित की। हवन की पूर्णाहुति के बाद कन्याओं ने मूर्तियों की आंखों से कपड़ा हटाकर शीशा दिखाया।

छोटी काशी के विभिन्न मठ, मंदिर, देवालयों के संतों महंतों के सान्निध्य में सांसद मंजू शर्मा , हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भगवान की पूजा अर्चना कर महाआरती की। इस मौके पर बड़ी संख्या में कॉलोनी के श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने जयकारों के साथ प्रसादी ग्रहण की। तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन गाजेबाजे और लवाजमे के साथ कलश यात्रा निकाली गई और मूर्तियों को नगर भ्रमण कराया गया। दूसरे दिन अखंड रामायण पाठ का समापन हुआ और मूर्ति प्रतिष्ठा की पूर्व क्रियाओं के रूप में अन्न, जल, फल सहित अन्य सामग्री से अधिवास कराया गया। परशुरामपुरी कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष नरेश शर्मा ने बताया कि कॉलोनी के इस मंदिर में सनातन धर्म से जुड़े कथा, हवन सहित अन्य आयोजन धूमधाम से कराए जाएंगे। मंदिर को जन जागृति के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां हवन के साथ लोगों के जन्मदिन संस्कार भारतीय संस्कृति के अनुसार मनाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!