साहित्य साधना का गौरव: डॉ. नीलम बावरा मन को मिला विशिष्ट साहित्य सम्मान
1039 प्रतिभागियों में से केवल 62 का हुआ चयन

जयपुर। गंतव्य संस्थान, दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. अरविंद त्यागी के निर्देशन में आयोजित भव्य साहित्यिक समारोह में साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु डॉ. नीलम बावरा मन को राष्ट्रीय स्त्री शक्ति सम्मान से अलंकृत किया गया।
इस अवसर पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र सुनील शास्त्री (पूर्व सांसद एवं मंत्री) के करकमलों से यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता स्वयं सुनील शास्त्री ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में अजेन्द्र सिंह लोधी (सांसद लोकसभा) एवं मंगतराम सिंघल (पूर्व विधायक एवं मंत्री) सहित अनेक गणमान्य विभूतियाँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में देशभर से आए सुप्रसिद्ध साहित्यकारों, विद्वानों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया। सम्मान प्राप्त करने के पश्चात डॉ. नीलम बावरा मन ने आयोजकों व सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। यह मुझे साहित्य साधना में और अधिक निष्ठा से आगे बढ़ने की शक्ति देगा। गौरतलब है कि नीलम जी एक मीडिया प्रोफेशनल रह चुकी हैं। देश के प्रमुख मीडिया समूह इंडिया टुडे में 26 वर्षों तक सेवाएँ देने के पश्चात उन्होंने साहित्य जगत में प्रवेश किया और बहुत कम समय में अपनी विशेष पहचान बनाई। आज वे वरिष्ठ साहित्यकारों द्वारा सराही जाने वाली लेखिका के रूप में स्थापित हो चुकी हैं।




