काव्यशक्ति फाउंडेशन ने दीपावली पर किया भव्य काव्य आयोजन वीरों की भूमि राजस्थान की पावन धरा पर लैंडस्केप पार्क में कवियों ने बिखेरी शब्दों की रोशनी

जयपुर। दीपों के पर्व दीपावली के शुभ अवसर पर काव्यशक्ति फाउंडेशन द्वारा राजस्थान की बलिदानी भूमि पर स्थित लैंडस्केप पार्क जयपुर में एक भव्य एवं यादगार काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल साहित्यप्रेमियों के लिए आनंददायक रहा बल्कि नवांकुर कलमकारों की प्रतिभा को निखारने का भी सशक्त माध्यम बना।
काव्यशक्ति फाउंडेशन की यह पहल पूरे भारत के उभरते लेखकों और कवियों को एक मंच देने के उद्देश्य से की गई है। कार्यक्रम का संचालन कवि अभिषेक सैनी ‘पर्जन्य’ ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस गोष्ठी में देश के विभिन्न राज्यों से कवियों ने भाग लेकर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। प्रमुख कवियों में केशा राम चौहान ब्यावर, एम. सागर उत्तर प्रदेश, सत्येंद्र जाखड़ ‘अनाड़ी’ हरियाणा, पवन कुमार शर्मा फिरोजाबाद, डॉ. रागिनी ईश्वर जयपुर, शिव सारस्वत जयपुर, कुलदीप पाल दिल्ली, तथा डॉ. एन. एल. शर्मा ‘निर्भय’ जयपुर शामिल रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिथि संतोष कुमार सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम को एक नई ऊँचाई प्रदान की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और कवियों की संवेदनशीलता ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा भरती है। संस्था अध्यक्ष ओज कवि नेमसिंह और संस्थापिका मधुबाला सिंह ने सभी आमंत्रित कवियों का हार्दिक स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया। अध्यक्ष नेमसिंह ने अपने संबोधन में कहा —हौसले बड़े हों तो मंज़िलें एक दिन मिल ही जाती हैं, भीड़ की संख्या नहीं, हृदय का जज़्बा मायने रखता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समापन पर दीपावली की शुभकामनाओं के साथ यह संकल्प लिया गया कि काव्यशक्ति फाउंडेशन इसी प्रकार नव प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता रहेगा।




