अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा, राजस्थान द्वारा प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न

जयपुर। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा, प्रदेश सभा राजस्थान के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, कला, खेल, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 400 प्रतिभावानों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं सम्मान प्रदान किए गए। समारोह का विशेष आकर्षण रहा जब समाज के वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी हरी राम जांगिड़ ने प्रदेश सभा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष दीप विश्वकर्मा को 300 वर्ष का विशेष कैलेंडर भेंट किया। इस अनूठे उपहार पर उपस्थित समाजबंधुओं ने जोरदार तालियों से हरी राम जांगिड़ का सम्मान किया। करीब 30 वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय हरी राम जांगिड़ सामाजिक कुरीतियों, जागरूकता और समाज सुधार जैसे विषयों पर निरंतर लेखन करते रहे हैं। उनके प्रेरक लेख समाज में नई चेतना और सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, पदाधिकारी, युवा और अभिभावक उपस्थित रहे। मंच के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समाज की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आगामी वर्षों में भी ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार करने की घोषणा की।



