मुरलीपुरा में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ आज, पूर्व संध्या पर महाआरती, जनजागरण रैली

जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से मुरलीपुरा की शंकर विहार कॉलोनी स्थित नव दुर्गा वाटिका (पार्क) में रविवार, 7 दिसंबर को मां दुर्गा की नौ प्रतिमाओं और नव दुर्गा से जुड़े नौ औषधीय पौधों के मध्य पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ से पूर्व शनिवार को पतजंलि किसान सेवा समिति और उत्थान सेवा समिति की ओर से सुबह जन जागरण और नशा मुक्ति रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नशा मुक्ति, नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शाम को नव दुर्गा की सैंकड़ों दीपकों से महाआरती की गई। पूरे पार्क में सैकड़ों दीए जलाए गए जिससे यहां दीपावली का नजारा बन गया।रविवार सुबह नौ बजे शहीदों के परिजन दीप प्रज्जवलित कर गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ करेंगे। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली प्रज्ञा गीतों के साथ यज्ञ संपन्न कराएंगी। यज्ञ के दौरान औषधीय पौधों का पूजन किया जाएगा। यज्ञ निशुल्क है। किसी को कोई सामग्री लाने की आवश्यक्ता नहीं है।सहयोगियों का होगा सम्मान:
गायत्री परिवार की संस्थापक भगवती देवी शर्मा की अगले वर्ष मनाए जाने वाली जन्म शताब्दी वर्ष और अखंड दीपक शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मुरलीपुरा में गत वर्ष निकाली गई ज्योति कलश यात्रा में सहयोग करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।



