भूना की अनाज मंडी में देशभर के कवियों ने बिखेरा शब्दों का रंग
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में नायक एकलव्य हेल्प एण्ड केयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में ओज, वीर रस, हास्य और ग़ज़लों की शानदार प्रस्तुति

भूना (हरियाणा)।गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 25 जनवरी को भूना की अनाज मंडी में नायक एकलव्य हेल्प एण्ड केयर फाउंडेशन, भूना की ओर से भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए प्रसिद्ध कवि एवं कवयित्रियों ने अपनी ओजपूर्ण, वीर रस, हास्य और ग़ज़लों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। फाउंडेशन के संस्थापक फतेह सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कवि सम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता और साहित्यिक संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन वीर रस के चर्चित कवि प्रीतम नायक ने किया, जिन्होंने अपने प्रभावशाली काव्य पाठ से मंच को ऊँचाइयाँ प्रदान कीं और खूब तालियाँ बटोरीं।
ग़ज़लकारा संपदा ठाकुर ने अपनी सधी हुई ग़ज़लों से रंग जमाया, वहीं हास्य कवि डॉ. जयप्रकाश ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। दिल्ली से आए हास्य कवि शैल भदावरी, ओज कवि फौजी हाकिम सिंह तथा अनोखी सरगम ने भी अपनी प्रभावी प्रस्तुतियों से भरपूर तालियाँ बटोरीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका प्रतिनिधि पंकज पसरीजा उपस्थित रहे। मंच गौरव अनाज मंडी भूना के प्रधान फकीर चंद मित्तल ने सभी कवियों का सम्मान करते हुए अंत तक मंच का साथ दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर आर.के. कोशिश ने की, जिन्होंने अपने प्रेरक एवं सारगर्भित उद्बोधन के साथ कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की।




