नाडी का फाटक क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक, कई राहगीर हुए घायल

जयपुर। शहर के नाडी का फाटक क्षेत्र में स्थित कॉलोनी एवं मुख्य सड़क पर आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन राह चलते लोगों पर कुत्तों के हमले की घटनाएँ सामने आ रही हैं, जिनमें अब तक कई राहगीर घायल हो चुके हैं। इन घटनाओं को लेकर कॉलोनीवासियों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर आवारा और संदिग्ध रूप से पागल कुत्तों का झुंड घूमता रहता है, जो अचानक राहगीरों पर हमला कर देता है। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोग इस खतरे से अनजान रहते हैं, जिसके कारण वे आसानी से इन घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।कॉलोनीवासियों द्वारा इस गंभीर समस्या की जानकारी नगर निगम के कंट्रोल रूम को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न तो कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था की गई है और न ही उनके इलाज या टीकाकरण की कोई पहल हुई है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते इन आवारा कुत्तों को नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। लोगों का पैदल निकलना दूभर हो गया है और बच्चों व बुजुर्गों में भय का माहौल बना हुआ है।




