माघ मेला 2026 की समाप्ति पर गंगा स्वच्छता अभियान, सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान फिर मैदान में

प्रयागराज। माघ मेला वर्ष–2026 की समाप्ति के अवसर पर सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान, अरैल नैनी प्रयागराज द्वारा गंगा स्वच्छता एवं जन-जागरण अभियान चलाया गया। दिनांक 08 फरवरी 2026 को कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में अरैल गंगा तट पर स्वच्छता अभियान आयोजित हुआ। इस अवसर पर ज्ञान प्रकाश मिश्रा ने कहा कि श्रद्धालु गंगा में स्नान के लिए आते हैं, किंतु पॉलिथीन व अन्य कचरा तटों पर छोड़कर चले जाते हैं, जो अनुचित है। माँ गंगा के आंचल को स्वच्छ रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। संस्था पदाधिकारी प्रियांशु उपाध्याय ने कहा कि जो लोग गंदगी फैलाते हैं, उन्हीं का कर्तव्य है कि वे गंगा, यमुना एवं सरस्वती के तटों की साफ-सफाई में भी सहभागी बनें। गंगा हमारी संस्कृति और धरोहर है; जब जन-जागरण बढ़ेगा, तभी तटों पर वास्तविक स्वच्छता दिखाई देगी।
वहीं प्रबंधक/सचिव कुंवर जी तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार मेला प्रशासन मेला प्रारंभ होने से पहले घाटों की साफ-सफाई कराता है, उसी प्रकार मेला समाप्ति के पश्चात भी संपूर्ण घाटों को पूरी तरह स्वच्छ कराकर ही छोड़ा जाना चाहिए, ताकि स्वच्छता बनी रहे। अभियान में धीरज यादव, सहदेव चौरसिया, आत्म प्रकाश यादव, डॉ. एस.बी. यादव, संदीप केसरवानी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, धीरज राजवानी, विनोद गुरानी, नीरज पांडेय, प्रियांशु उपाध्याय, इंदु प्रकाश सिंह, शैलेंद्र पाल, पुष्पेंद्र कुमार द्विवेदी, तुलसी तिवारी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और पवित्र नदियों के संरक्षण का संदेश देना रहा।




