शांति विद्या निकेतन में पेंशनर्स का भव्य सम्मान समारोह, सहभोज के साथ हुआ समापन

आलोक अवस्थी। नजर इंडिया 24 ब्यूरो चीफ
जयपुर। राजस्थान पेंशनर समाज झोटवाड़ा, जयपुर शहर का वार्षिक अधिवेशन एवं 75 वर्षीय पेंशनर्स साथियों का सम्मान समारोह शांति विद्या निकेतन स्कूल, लक्ष्मी नगर, झोटवाड़ा में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर साथियों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन उत्साह और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर, विशिष्ट अतिथि गोपाल कृष्ण मीणा एवं उप शाखा अध्यक्ष गोपाल भारद्वाज द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवा में सहयोग देने वाले 56 भामाशाहों तथा 75 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके 11 पेंशनर साथियों को माला पहनाकर, साफा बांधकर, तिलक लगाकर, शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वृद्धजन भाव-विभोर एवं गदगद नजर आए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक रामस्वरूप गंगावत ने कहा कि पेंशनर समाज एक परिवार की तरह है। इस मंच के माध्यम से पेंशनर साथियों को नियमित रूप से सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य योजनाओं एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी जाती है, जिससे वे लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में निर्मल कौशिक, सूर्य प्रकाश शर्मा, रणवीर सिंह तंवर सहित सभी अतिथियों का विशेष योगदान रहा। समारोह का समापन सहभोज के आयोजन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया।




