शब्द कुटीर मंच का भव्य काव्योत्सव सम्पन्न, राज्य मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता रहे मुख्य अतिथि
दिल्ली। शक्ति नगर स्थित शब्द कुटीर मंच द्वारा आयोजित काव्योत्सव बड़े ही भव्य और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर क्रांति कवि सौरभ जैन ‘सुमन’ की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान सौरभ जैन ‘सुमन’ का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिससे आयोजन में उत्सव का रंग और गहरा हो गया।
कवि एवं कवयित्रियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रेम, समाज और जीवन के विविध रंगों को समेटे काव्य पाठ ने पूरे वातावरण को साहित्यिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
शब्द कुटीर मंच की संस्थापिका एवं कवयित्री साधना शर्मा ‘सरगम’ ने अपनी भावपूर्ण रचना—
“छोड़कर के मुझे मां चली अब कहां,
बिन तुम्हारे कोई अब सहारा नहीं,
आंख नम होती है रात भर जागकर,
तेरे आंचल का अब वो किनारा नहीं…”
—का पाठ करते हुए मंच पर भावुक हो गईं, जिसे सुनकर श्रोताओं की आंखें भी नम हो उठीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार कमलेश भट्ट ‘कमल’, डॉ. वनिता शर्मा, सुधीर यादव ‘सुमन’, नीलम गुप्ता ‘नीलमणि’ सहित अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को समृद्ध किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रक्षा सिन्हा, अलका बलूनी पंत एवं पूनम मल्होत्रा द्वारा किया गया।
सपा यू.एस. के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी ने सभी आगंतुक कवियों को राधा-कृष्ण की प्रतिमा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
अंत में साधना शर्मा ‘सरगम’ ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।




