निशुल्क नेत्र शिविर में 160 से अधिक लोगों की जांच, 9 ऑपरेशन हेतु चयनित
महात्मा ज्योतिबा फुले एवं डॉ. बी.आर. अम्बेडकर जयंती पर भारत पथिक संस्थान की पहल

जयपुर। भारत पथिक संस्थान के तत्वावधान में दिनांक 13 अप्रैल 2026 को नेहा बाल विद्या मंदिर स्कूल, नृसिंह नगर झोटवाड़ा के विद्यालय परिसर में महात्मा ज्योतिबा फुले एवं डॉ. बी.आर. अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य पर निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
संस्थान के सचिव अनिल बिलोनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में 160 से अधिक व्यक्तियों एवं छात्रों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं 9 महिला एवं पुरुष मरीजों को आंखों के ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें स्वनेत्र आई हॉस्पिटल में भर्ती कर उपचार कराया जाएगा।
शिविर के मुख्य अतिथि निवर्तमान पार्षद मोहम्मद शरीफ मनीहार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक सुरेश चन्द्र बिलोनिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एलआईसी मंडल प्रबंधक सदस्य मोहन लाल वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।यह शिविर प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संस्था की इस जनसेवा पहल की सराहना की।




