जयपुर में टूटी सड़क से लोगों का हाल बेहाल, धूल और गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी
जयपुर। शहर के हनुमान वाटिका A, गोकुलपुरा स्थित 100 फीट रोड (महाराणा प्रताप रोड) की बदहाल सड़क ने स्थानीय निवासियों का जीवन मुश्किल कर दिया है। लंबे समय से टूटी हुई इस सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, वहीं अधिकांश हिस्सा कच्चा होने के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उड़ता रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति के कारण आसपास के निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उड़ती धूल से सांस संबंधी बीमारियां, एलर्जी, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब सड़क के गड्ढे पानी से भर जाते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
इसी मार्ग पर स्थित विजय विद्यास्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को प्रतिदिन इसी जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

क्षेत्रवासी चेतन तिवाड़ी ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत, पक्की सड़क निर्माण, नियमित सफाई और पानी के छिड़काव की व्यवस्था करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।



