कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता: खुशखेड़ा स्थित पॉलीरब प्लास्टिक्स में हेल्थ चेकअप कैंप संपन्न

रिपोर्टर योगेश्वर सिंह । नजर इंडिया 24
खुशखेड़ा, 02 जून 2026। कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पॉलीरब प्लास्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड, खुशखेड़ा में मंगलवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कंपनी के एचआर विभाग द्वारा एचआर अधिकारी सिद्धार्थ यादव के नेतृत्व में किया गया। शिविर के दौरान कर्मचारियों के रक्तचाप (बीपी), शुगर सहित विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा बीमारियों की समय पर पहचान के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर प्लांट हेड हिमांशु मोयल ने कहा कि कर्मचारियों का स्वास्थ्य एवं सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है, जिससे वे स्वस्थ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण में अपनी सेवाएं दे सकें।
कर्मचारियों ने कंपनी की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए प्लांट हेड हिमांशु मोयल तथा एचआर विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कंपनी प्रबंधन ने भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




