Uncategorized

जयपुर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, अन्याय के खिलाफ संघर्ष का लिया संकल्प

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने दिया संदेश—शस्त्र नहीं, वोट की ताकत से करें अन्याय का मुकाबला

 

जयपुर। शहर के बिड़ला ऑडिटोरियम में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य पूजन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 11 किलो के मोदक केक को काटकर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, जगतगुरु अवधेशाचार्य जी महाराज, महाराज बालमुकुंद जी, महाराज राघवेंद्राचार्य जी (गलता पीठ), विधायक गोपाल शर्मा, विधायक प्रशांत शर्मा सहित अनेक साधु-संत, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विधिवत पूजन एवं आरती कर भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विप्र महासभा के संस्थापक सुनील उदेइया के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हुए अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की शपथ दिलाई।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने अपने उद्बोधन में भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सनातन धर्म के विरोध में कार्य करने वालों का सामना शस्त्र से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकार—वोट की ताकत से करना चाहिए।
जगतगुरु अवधेशाचार्य जी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में भगवान परशुराम के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग सुनाए और धर्म एवं न्याय की स्थापना का संदेश दिया।
इस अवसर पर युवाओं ने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की शपथ ली। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष हर्षिता शर्मा एवं बीना शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों मातृशक्ति द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। भगवान परशुराम की झांकी को सुसज्जित बग्गी में गाजे-बाजे के साथ पूजा स्थल तक लाया गया, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान गणेश वंदना एवं शिव तांडव की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। इसके पश्चात भगवान परशुराम की झांकी मंच पर पहुंची और भव्य पूजन सम्पन्न हुआ।

अंत में श्री परशुराम सेना के अध्यक्ष एडवोकेट अनिल चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन प्रसिद्ध आरजे सूफी द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा, अभिमन्यु शर्मा, पंडित महेश व्यास, डॉ. जोगेंद्र शर्मा, नटवर लाल शर्मा, एस.डी. शर्मा, राधेश्याम जैमिनी, बिरदीचंद शर्मा, अनुराग शर्मा, एडवोकेट सुशील शर्मा, योगेंद्र भारद्वाज, संजोग शर्मा, जितेंद्र मिश्रा, दीपेश मिश्रा, डॉ. सोमेंद्र सारस्वत, कैलाश जोशी, नीरज शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!