मनरेगा मजदूरों ने ग्राम पंचायत पर लगाया ताला, सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी पर भेदभाव का लगाया आरोप

रिपोर्टर (शिंभू सिंह शेखावत )
पाटन। क्षेत्र की ग्राम पंचायत न्यौराणा में मनरेगा मजदूरों ने काम नहीं मिलने और भेदभाव से नाराज होकर पंचायत कार्यालय पर ताला जड़ दिया। मजदूरों का आरोप है कि सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी मनरेगा लेबर से भेदभाव कर रहे हैं। बार बार मनरेगा का काम बंद कर दिया जाता है, जबकि आसपास की पंचायतों में लगातार काम चल रहा है।श्रमिकों ने कहा कि कई बार मांग करने के बाद भी उन्हें काम नहीं दिया जा रहा। रोजगार नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।मजदूरों का कहना है कि मनरेगा में कुछ चुनिंदा लोगों को ही काम दिया जाता है और बाकी को जानबूझकर बाहर रखा जाता है।
काम बंद होने से जॉब कार्डधारी मजदूर खाली बैठे हैं।आक्रोशित मजदूरों ने पंचायत भवन पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक नियमित काम नहीं मिलेगा और भेदभाव बंद नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि न्यौराणा पंचायत में मनरेगा कार्यों की जांच हो और सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।




