गौ माता को “राष्ट्रीय माता” घोषित करने की मांग, विप्र सेना ने सौंपा ज्ञापन
जयपुर में जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा ज्ञापन, गौ तस्करी रोकने हेतु कठोर कदम उठाने की

जयपुर। विप्र सेना संगठन द्वारा सोमवार को जयपुर में जिला कलेक्टर के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। संगठन ने अपने ज्ञापन में देशभर में गौ वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील करते हुए गौ तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आजीवन कारावास जैसी कठोर सजा का प्रावधान करने की मांग की। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को स्थायी रूप से जब्त कर उनकी नीलामी करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि इस अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। विप्र सेना ने पशु मेलों के नाम पर होने वाली अवैध तस्करी पर भी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से इस दिशा में सख्त कानून बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। यह ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रथम विनीता सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन विप्र सेना जयपुर शहर अध्यक्ष अजीत कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान कलेक्ट्री बार एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप शर्मा, विप्र सेना विद्याधर नगर अध्यक्ष रविकांत गौड़, अधिवक्ता विनोद दीक्षित एवं अधिवक्ता सुभाष शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।विप्र सेना ने आशा व्यक्त की है कि केंद्र सरकार इस विषय की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र ही उचित निर्णय लेगी।




