Uncategorized

शिकायतों का पुलिंदा लेकर कब तक बैठे रहेंगे?

 

संगीता जड़िया ‘सृजन सारथी’ / नजर इंडिया

समस्याओं का कोई अंत नहीं है। जीवन में एक कठिनाई खत्म होती है तो दूसरी सामने आ जाती है। कभी मन उदास होता है, कभी हालात साथ नहीं देते, कभी लोग समझ नहीं पाते और कभी मेहनत के बाद भी मनचाहा परिणाम नहीं मिलता। *शिकायत करने के लिए कारण हमेशा मिल जाएंगे, पर शिकायत से कोई समस्या सुलझती नहीं है।* बल्कि शिकायत धीरे-धीरे मन को भारी कर देती है और हमारी सारी ऊर्जा उसी में खर्च हो जाती है।

इसलिए आज अपने आप से एक गंभीर सवाल पूछने का समय आ गया है, *शिकायतों का पुलिंदा लेकर कब तक बैठे रहेंगे?* यह पुलिंदा जितना भारी होगा, हमारे कदम उतने ही धीमे हो जाएंगे। हम बैठे रहेंगे, सोचते रहेंगे, दूसरों को दोष देते रहेंगे, और समय हाथ से निकलता रहेगा। *जीवन किसी की शिकायत सुनने के लिए नहीं रुकता, वह तो आगे बढ़ता रहता है।*

अब जरूरत इस बात की है कि समस्या पर बहुत कम और समाधान पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाए। समस्या को सिर्फ उतना ही देखा जाए, जितना उसे समझने के लिए जरूरी हो। उसके बाद पूरा मन, पूरा समय और पूरी शक्ति इस बात पर लगाई जाए कि अब आगे क्या करना है। *जब मन समाधान की ओर मुड़ जाता है, तो रास्ते अपने आप दिखाई देने लगते हैं।* छोटा सा कदम भी बड़ी राहत दे जाता है।

शिकायत छोड़ना कोई कमजोरी नहीं है। *यह सबसे बड़ी समझदारी है।* जो व्यक्ति शिकायत छोड़कर आगे बढ़ने का फैसला कर लेता है, वह अपने जीवन की जिम्मेदारी खुद उठा लेता है। वह परिस्थितियों को कोसता नहीं, बल्कि परिस्थितियों में से ही रास्ता निकालता है। उसकी भाषा बदल जाती है, उसकी सोच बदल जाती है और *धीरे-धीरे उसका जीवन भी बदलने लगता है।*

और इस राह पर एक बात और समझनी बहुत जरूरी है। चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, जिन लोगों ने हमें दुख पहुंचाया, उन्हें माफ कीजिए। *चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को माफ कीजिए, माफ नहीं करना जीवन की सबसे बड़ी रुकावट है।* जब तक हम किसी को माफ नहीं करते, तब तक हम उसी पुरानी पीड़ा, उसी पुराने गुस्से और उसी पुरानी शिकायत से बंधे रहते हैं। *माफ करना दूसरे पर एहसान नहीं है, यह अपने मन को हल्का करने का सबसे बड़ा उपाय है।* माफ करते ही मन का बोझ उतर जाता है और आगे बढ़ने का रास्ता साफ दिखाई देने लगता है।

इसलिए शिकायतों का पुलिंदा अब यहीं रख दीजिए। उसे ढोते रहने से कुछ नहीं मिलेगा। *एक छोटा सा कदम उठाइए, एक सच्चा प्रयास कीजिए और आगे बढ़ जाइए।* जब शिकायत खत्म होती है, *तभी समाधान शुरू होता है।*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!