मीरा चैरिटेबल ट्रस्ट की अनूठी पहल, शास्त्रीय संगीत के 112 कलाकारों को किया जाएगा सम्मानित।

आलोक अवस्थी। नज़र इंडिया 24, ब्यूरो चीफ
जयपुर। मीरा चैरिटेबल ट्रस्ट जयपुर के तत्वावधान में आगामी 6 दिसंबर 2026 को शास्त्री नगर स्थित साइंस पार्क ऑडिटोरियम में अंतरराष्ट्रीय सृजनशील संगीत कलाकार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगा। यह आयोजन संगीत जगत की मर्मज्ञ एवं स्वर्गीय डॉ. मीरा पाटोदिया को समर्पित रहेगा। डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि समारोह में ग्रैमी पुरस्कार विजेता एवं पद्म भूषण से सम्मानित पंडित विश्व मोहन भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे मंच पर देशभर के 112 कलाकारों एवं कला साधकों को उनके योगदान के लिए छायाचित्र एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम के सूत्रधार राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि जागृत करना, उसकी महत्ता से परिचित कराना तथा संगीत के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से युवा अपनी विशिष्ट पहचान बना सकेंगे और देश की समृद्ध शास्त्रीय संगीत परंपरा को नई दिशा एवं आयाम मिल सकेंगे। समारोह में हेमंत भट्ट, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. प्रेमा वर्मा सहित ग्वालियर घराने की सुप्रसिद्ध गायिका डॉ. सुमन यादव के 11 विशेष शिष्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। पाटोदिया ने आगे कहा कि आयोजन का उद्देश्य संगीत साधकों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।




