Uncategorized

डबल इंजन सरकार में भी गौ माता सड़कों पर बेहाल, करोड़ों के बजट का हिसाब दे सरकार : पवन कुमार पुनिया

राजस्थान। अखिल भारत हिन्दू महासभा के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष पवन कुमार पुनिया ने प्रदेश में गौ संरक्षण की बदहाल व्यवस्था को लेकर डबल इंजन सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व और गौ संरक्षण के मुद्दे पर सत्ता में आई सरकार के शासन में भी गौ माता सड़कों पर भूखी-प्यासी और घायल भटकने को मजबूर है। आखिर गौ माता के नाम पर हर वर्ष जारी होने वाले करोड़ों रुपये कहां खर्च हो रहे हैं? सरकार इसका जवाब दे। पुनिया ने कहा कि यदि हिन्दुत्व सरकार की प्राथमिकता है तो गौ माता की ऐसी दुर्दशा क्यों है? केवल भाषणों और नारों से गौ संरक्षण नहीं होगा, इसके लिए धरातल पर काम करना होगा। मुख्यमंत्री को गौ माता की पीड़ा को गंभीरता से समझते हुए जवाबदेही तय करनी चाहिए। प्रदेश कोर कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शर्मा झेरलीवाला एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी जे पी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री से गौ संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की मांग की। पुनिया ने कहा कि प्रदेश की अनेक गौशालाओं में चारा, पानी और चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। वहीं गौ माता की रक्षा में जुटे गौ रक्षकों को सुरक्षा नहीं मिल रही और कई पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। यह स्थिति सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने मांग की कि गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई हो, गौशालाओं के लिए पर्याप्त बजट जारी किया जाए, गौ संरक्षण फंड का पारदर्शी हिसाब सार्वजनिक हो, गौशालाओं का नियमित निरीक्षण एवं ऑडिट कराया जाए तथा गौ रक्षकों पर दर्ज झूठे मुकदमों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें वापस लिया जाए।पुनिया ने सवाल किया कि सड़कों पर भटक रही गौ माता को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा? उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि डबल इंजन सरकार को अब नारों से आगे बढ़कर गौ माता के संरक्षण के लिए धरातल पर परिणाम दिखाने होंगे। गौ माता की दुर्दशा पर चुप्पी किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!