Uncategorized

साहित्य उपवन रचनाकार मंच के शानदार चतुर्थ वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न

 

‘साहित्य उपवन रचनाकार मंच’ के चतुर्थ वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन रविवार, 22 नवंबर 2026 को शंभु दयाल इंटर कॉलेज, गाजियाबाद में आयोजित किया गया । समारोह दीप प्रज्ज्वलन से आरंभ हुआ तत्पश्चात मधुर कंठ की धनी डॉ. सुधा बसोर सौम्या ने अपनी सुमधुर आवाज में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उत्तराखंड से पधारी अंशी कमल ने अपने निराले अंदाज़ में अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही की उत्तराखंड की रचनाकार साधिकाओं ने अपनी उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में गीत प्रस्तुत किया जिसने सभी का मन मोह लिया और यह गीत कार्यक्रम का ख़ास आकर्षण साबित हुआ। इस अवसर का विशेष एवं मुख्य आकर्षण रहा ‘उपवन लघुकथा मंजरी’ पुस्तक का विमोचन , जो 45 साहित्य साधकों की रचनाओं के भाव-पुष्पों से सुसज्जित है।

इस साहित्यिक महायज्ञ में देश के मूर्धन्य एवं प्रतिष्ठित साहित्य-सेवियों का सान्निध्य प्राप्त होना मंच के लिए परम सौभाग्य का विषय है। कार्यक्रम में डॉ. ओम प्रकाश प्रजापति विशिष्ट अतिथि, डॉ. अशोक भाटिया व डॉ. शील कौशिक सारस्वत अतिथि तथा डॉ. देवेंद्र देव एवं डॉ. निवेदिता शर्मा गरिमामयी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे । आमंत्रित कवियों में जिन्होंने अपने काव्य पाठ से सब का मन मोह लिया उनमें सुप्रसिद्ध कवयित्री कविता बिष्ट नेह, डॉ. दौलत राम शर्मा सुप्रसिद्ध कवि, डॉ सुदेश यादव जख्मी, ख्याति प्राप्त कवि एवं वीरेंद्र अबोध, सरधना ने अपनी बेहतरीन रचनाओं की अपनी प्रस्तुतियों से शमा बांध दिया।
इस भव्य आयोजन का कुशल संचालन देश के सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. आर. डी. गौतम विनम्र द्वारा किया गया जो मंच के लिए गौरव की बात है।
समारोह में पधारे सभी साहित्यकारों एवं मनीषियों को सम्मान से अलंकृत किया गया तथा उनके विचार और भाव सुनने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ । एक से बढ़कर एक रचनाओं का रसास्वादन करने का अवसर प्राप्त हुआ। करतल ध्वनि से पूरा हॉल गूंजायमान हो उठा । कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के लिए सुरुचिपूर्ण भोजन का आनन्द लिया।
देश के विभिन्न प्रांतों से साहित्यकार इस आयोजन के साक्षी बने । इस पावन पर्व के मुख्य आधार गुरुदेव डॉ. राकेश सक्सेना एवं डॉ. सुनीता सक्सेना के मार्गदर्शन तथा समन्वयक आ. जगदीश गोकलानी, अध्यक्ष/संस्थापक डॉ. रोहित रोज, कार्यकारी अध्यक्षा व व्यवस्थापिका संगीता मिश्रा, सह-अध्यक्षा आ. अंशी कमल, सचिव डॉ. सुधा बसोर ‘सौम्या’, उप-सचिव आ. कमला उनियाल, सह-सचिव आ. नंदन राणा ‘नवल’, कोषाध्यक्ष डॉ. आर. डी. गौतम ‘विनम्र’, दैनिक आयोजन प्रभारी आ. रश्मि शुक्ल, विवेचन प्रभारी आ. शशिकला नायक, मीडिया प्रभारी डॉ. कृष्ण कांत मिश्र और अलंकरण प्रभारी आ. सुभाष कुशवाहा के अथक प्रयासों से यह आयोजन भव्यता एवं दिव्यता को प्राप्त हुआ । इस भव्य समारोह में 100 से अधिक ख्याति प्राप्त रचनाकारों ने शिरकत की जो साहित्य उपवन रचनाकार मंच के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
पिछले एक माह से साहित्य जगत में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह रहा है और आज इसका सजीव स्वरूप देखने को मिला । आमंत्रित अतिथियों और रचनाकारों को अंग वस्त्र, मोती माला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में मंच के अध्यक्ष डॉ. रोहित रोज ने कहा कि उपवन का चतुर्थ वार्षिकोत्सव एक अनुपम एवं स्नेहिल मिलन समारोह साबित हुआ है, जिसमें साहित्य जगत की श्रेष्ठ विभूतियों ने अपने आशीर्वाद से मंच को समृद्ध किया ताकि यह उपवन सदा पुष्पित और पल्लवित होता रहे।
साहित्य के इस पुनीत पर्व पर सभी साहित्य प्रेमियों एवं सुधीजनों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!