स्वयं सिद्धा साहित्यिक संस्थान में प्रथम पुण्य स्मृति-दिवस एवं सम्मान समारोह आयोजित

सुनितात्रिपाठी’अजय। नज़र इंडिया न्यूज संवाद
जयपुर। स्वयं सिद्धा साहित्यिक संस्थान, जयपुर के तत्वावधान में 23 नवम्बर 2026 को प्रथम पुण्य स्मृति-दिवस एवं सम्मान-दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। यह आयोजन संस्थान की संरक्षक डॉ. (प्रो.) कुसुम शर्मा ने अपने पति कीर्तिशेष प्रो. पद्मनाभ शर्मा तथा उनकी पुत्रवधू डॉ. पूजा शर्मा ने अपने पति कीर्तिशेष अविरल शर्मा की स्मृति में आयोजित किया।
प्रो. पद्मनाभ शर्मा पूर्व प्रोफेसर एवं डीन, एन.आई.टी. कुरुक्षेत्र तथा अविरल शर्मा मैनेजर, आई.टी. सर्विसेज, मणिपाल विश्वविद्यालय, जयपुर थे। दोनों की स्मृतियों को साहित्य, संस्कृति एवं सृजन के माध्यम से जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से ‘किशोर कुमार द्वारा गाए गीतों में भावनात्मक सौन्दर्य’ विषय पर मौलिक एवं शोधपरक आलेख प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक मंडल द्वारा प्राप्त आलेखों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट रचनाओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः 5,100, 3,100 एवं 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं प्रशंसनीय आलेखों के रचनाकारों को 500 रुपये की सम्मान राशि तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. (प्रो.) मुरलीधर राय सिंहानिया, वाइस चांसलर, वी.जी.यू., जयपुर ने किशोर कुमार के गीत ‘जिंदगी का सफर है ये कैसा सफर, कोई समझा नहीं, कोई जाना नहीं’ से अपने उद्बोधन की शुरुआत की। उन्होंने प्रो. शर्मा के साथ बिताए समय के संस्मरण साझा किए तथा ‘आ लेकर चलूं तुझे ऐसे गगन के तले, जहां गम भी न हो, आंसू भी न हो, बस प्यार ही प्यार पले’ गीत के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. (प्रो.) संदीप संचेती, वाइस चांसलर, मणिपाल विश्वविद्यालय एवं प्रोफेसर, एम.एन.आई.टी. ने प्रो. शर्मा को स्नेही, व्यवहारकुशल और अकादमिक दायित्वों के प्रति पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार एवं राही सहयोग संस्थान, जयपुर के निदेशक श्री प्रबोध गोविल ने कहा कि सुख-दुःख जीवन के दो पहलू हैं। इस आयोजन में परिजनों ने अपनों के बिछड़ने के दुःख को सृजन में बदलकर उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने का सराहनीय प्रयास किया है।
संस्थान की संरक्षक डॉ. कुसुम शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि पति और पुत्र के निधन के बाद सभी ने जिस तरह उन्हें संभाला और संबल दिया, उसके लिए वे हृदय से कृतज्ञ हैं। उन्होंने भजन, किशोर कुमार के गीतों, एक वीडियो और पुराने संस्मरणों के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा कीं। ‘जिंदगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मुकाम, वो फिर नहीं आते’ गीत के साथ उन्होंने अपनी बात पूरी की।
संस्थान की संस्थापक-अध्यक्ष श्रीमती ज्ञानवती सक्सेना ‘ज्ञान’ ने कहा कि संस्थान साहित्य के माध्यम से सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने इस आयोजन को दो प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की स्मृतियों को साहित्यिक सृजन से जोड़ने तथा नई पीढ़ी में साहित्य, संगीत और शोध के प्रति रुचि विकसित करने का सार्थक प्रयास बताया।
संस्थान की महासचिव डॉ. रेखा गुप्ता ने ‘मृत्यु से मिटता नहीं व्यक्तित्व किसी का, स्मृतियों में फैला उनका उजास रहता है’ पंक्तियों के साथ सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि समारोह में साहित्य एवं शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित विभूतियों, शिक्षाविदों, साहित्य अनुरागियों और संगीत प्रेमियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर पुत्रवधू डॉ. पूजा शर्मा ने अपने ससुर एवं पति के साथ बिताए पलों को साझा किया। वहीं उनके शिष्य डॉ. योगेश एवं डॉ. प्रतिभा अग्रवाल ने भी अपने गुरु के साथ बिताए समय के संस्मरण सुनाए।
समारोह में जयपुर के अनेक प्रबुद्ध साहित्यकारों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।




