राजसमंद: भीम में विधिक साक्षरता की नई पहल: श्रीमती पुष्पा सोनी द्वारा आयोजित शिविरों में 180 से अधिक लोग हुए लाभान्वित

श्रीमती पुष्पा सोनी / ब्यूरो चीफ नजर इंडिया 24
राजसमन्द – तालुका विधिक सेवा समिति, भीम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजसमंद के निर्देशन में आज विभिन्न स्थानों पर व्यापक विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। यह जागरूकता अभियान पैरा लीगल वॉलंटियर श्रीमती पुष्पा सोनी द्वारा पूरे उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया गया।
शिविर की शुरुआत श्रीमती पुष्पा सोनी द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नंदावट से की गई, जहां छात्राओं को महिला अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल संरक्षण अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी जानकारी अत्यंत सरल भाषा में दी गई। छात्राओं ने भी गहरी रुचि लेते हुए विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर श्रीमती पुष्पा सोनी ने संतोषप्रद ढंग से दिया।
इसके पश्चात श्रीमती पुष्पा सोनी ने गवर्नमेंट कॉलेज, भीम में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर युवाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, साइबर सुरक्षा और कानूनी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे वे विधिक सहायता सेवाओं का लाभ लेकर न्याय तक पहुंच सकते हैं। इसके पश्चात, श्रीमती पुष्पा सोनी ने नंदावट पर, कोर्ट परिसर के बाहर और धर्मेशपुरी क्षेत्र में आमजनों को विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया। यहां उन्होंने लोक अदालत, पीड़ित मुआवजा योजना, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और महिलाओं व बच्चों से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून केवल न्याय का साधन नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित व सशक्त बनाने का माध्यम भी है।
शिविर का विस्तार ट्रक चौराहा, उदयपुर रोड, ब्यावर रोड तथा सब्जी मंडी तक किया गया, जहां श्रीमती पुष्पा सोनी ने स्थानीय निवासियों को निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं, स्थायी लोक अदालत और कानूनी जागरूकता अभियानों के महत्व से अवगत कराया। पैंफलेट वितरण के साथ उन्होंने सभी को जानकारी दी और उनके सवालों का समाधान किया। अंतत श्रीमती पुष्पा सोनी द्वारा संचालित इस जागरूकता श्रृंखला में कुल मिलाकर 180 से अधिक लाभार्थियों को विधिक जानकारी प्रदान की गई। यह शिविर न केवल लोगों के बीच कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि विधिक साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी कदम भी रहा।