मातृशक्ति सम्मान समारोह में ललिता भोला व डॉ. सुषमा भारती को विधायक गोपाल शर्मा ने किया सम्मान

जयपुर, 26 मार्च 2026। सोडाला स्थित पूर्वीय समाज सांस्कृतिक संगम, जयपुर में आयोजित मातृशक्ति सम्मान समारोह में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने समाज की प्रेरणास्रोत महिलाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवयित्री एवं शिक्षिका ललिता सिंह भोला तथा ज्योतिषाचार्य डॉ. सुषमा भारती को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने दोनों सम्मानित हस्तियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। विधायक गोपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मातृशक्ति समाज की नींव है और ऐसे सम्मान समारोह महिलाओं के योगदान को पहचान देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस गरिमामय आयोजन में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की और महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




