जयपुरवासियों को मिलेगा श्रीकृष्ण लीलाओं का अलौकिक अनुभव

जयपुर। राजधानी जयपुर में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम होने जा रहा है। संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 15 से 21 सितम्बर तक मेट्रो एन्क्लेव पार्क (फार्म), बी.एस. बाईपास, तरूक्षधाम नगर में होगा।
कथा का वाचन कथा प्रवक्ता एवं गोल्डमेडलिस्ट वैदिक अमिताचार्य जी द्वारा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान भक्तगण भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान कर सकेंगे।
कथा में भागवत महात्म्य, श्रीकृष्ण जन्म, शुकदेव आगमन, ध्रुव-प्रहलाद चरित्र, अजामिलोपाख्यान, नृसिंह एवं वामन अवतार, रामावतार, श्रीकृष्णावतार, नन्दोत्सव, बाललीलाएं, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह, महारास व रासलीला सहित शुकदेव-परिक्षित संवाद एवं अवसान का विवेचन होगा। कथा के अंतिम दिन विशाल भंडारे का आयोजन भी रहेगा।
कथा का शुभारंभ 15 सितम्बर को प्रातः 8:15 बजे कलश-यात्रा से होगा, जो बिल्डरायश्वर मंदिर कांटोली से कथा स्थल तक जाएगी।
सेवा व्यवस्था संयोजक श्री रमेश भारद्वाज ने बताया कि इस सात दिवसीय आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है। कथा का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया जाएगा।
पोस्टर लॉन्चिंग समारोह :
कथा का पोस्टर विमोचन शहर के गणमान्यजनों द्वारा किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम, महापौर सौम्या गुर्जर, रमेश भारद्वाज, प्रेम बाबू गुप्ता, संजय पथरिया, लोकेश शर्मा, रमाकांत कटरा और कैलाश नारायण शर्मा उपस्थित रहे।




