Uncategorized

डर से नहीं, जिम्मेदारी से करें ट्रैफिक नियमों का पालन – राजेश सिंह हाड़ा

 

जयपुर। तेजी से विकसित हो रहे जयपुर शहर में सड़कों पर बढ़ते वाहनों का दबाव अब एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में ट्रैफिक नियमों का पालन केवल चालान के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह कहना है समाजसेवी राजेश सिंह हाड़ा का।उन्होंने बताया कि हाथोज़ से चोमू पुलिया के बीच का मार्ग ट्रैफिक अव्यवस्था का जीवंत उदाहरण बन चुका है। इस मार्ग पर लगभग हर कट और यू-टर्न पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जो सुबह और शाम के समय और भी गंभीर हो जाती है। यह समस्या केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि आम नागरिकों की लापरवाही का परिणाम भी है। जाम के प्रमुख कारण गलत दिशा में वाहन चलाना कट पर बिना देखे अचानक मोड़ लेना जल्दी निकलने की होड़ में नियमों की अनदेखी राजेश सिंह हाड़ा ने कहा कि अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि ट्रैफिक नियम केवल चालान से बचने के लिए होते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि हेलमेट, सीट बेल्ट, स्पीड लिमिट और लेन अनुशासन जैसे नियम हमारी जान बचाने के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि केवल चालान काटना ही समाधान नहीं है। कई बार जागरूकता आधारित दंड अधिक प्रभावी साबित हो सकता है। उन्होंने एक अभिनव विचार साझा करते हुए कहा कि लापरवाही से वाहन चलाते पकड़े गए चालकों को 15–30 मिनट सड़क किनारे खड़ा कर जागरूकता संदेश वाला बोर्ड पकड़वाया जा सकता है, जिस पर लिखा हो ड्राइविंग के दौरान मुझसे गलती हुई है।
आपसे निवेदन है लापरवाही से वाहन न चलाएँ। अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कदम दंड से अधिक सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक जागरूकता पैदा करेगा, जिससे भविष्य में वही व्यक्ति नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित होगा। राजेश सिंह हाड़ा ने कहा की डंडे के डर से तो जानवर भी सीख जाता है, फिर हम तो इंसान हैं। नागरिक होने का कर्तव्य डर से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और समझदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि पैदल यात्रियों को प्राथमिकता दें, बच्चों और परिवार के सामने सही उदाहरण प्रस्तुत करें और ट्रैफिक नियमों को बोझ नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का आधार समझें। अंत में उन्होंने कहा कि चालान का डर कुछ समय के लिए असर डाल सकता है, लेकिन जिम्मेदारी की भावना ही स्थायी समाधान है।आइए, हम सभी मिलकर संकल्प लें कि सड़कों पर अनुशासन बनाएंगे और जयपुर को सुरक्षित व सुगम यातायात वाला शहर बनाएंगे। डर से नहीं, जिम्मेदारी से चलिए यही असली स्मार्ट ड्राइविंग है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!