श्री रामपुरी पार्क आदर्श पार्क की ओर, नशे के अड्डे से सुरक्षित माहौल तक का सफर

जयपुर। निवारू रोड झोटवाड़ा श्रीरामपुरी पार्क अब धीरे-धीरे एक आदर्श पार्क की श्रेणी में शामिल होता जा रहा है। कुछ समय पहले तक यह पार्क असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बन चुका था, जहां देर रात एक-दो बजे तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता था। स्थिति ऐसी थी कि महिलाएं और परिवार पार्क में आने से परहेज करने लगे थे।
लेकिन अब माहौल पूरी तरह बदल चुका है। समिति अध्यक्ष रणवीर सिंह तंवर के नेतृत्व में एवं आपसी सहयोग से एक टीम गठित की गई, जिसमें एजाज खान सूबेदार एवं सत्तार खान सूबेदार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए पार्क की व्यवस्था सुधारने में सराहनीय योगदान दिया। पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग भी बेहद सराहनीय रहा। 22 मई को मौके पर मौजूद थाना झोटवाड़ा पुलिसकर्मी निजामुद्दीन एवं दीपेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आप लोग बेझिझक संपर्क कर सकते हैं। समिति द्वारा पार्क में गलत गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रात 10 बजे पार्क के सभी गेट बंद करने का निर्णय लिया गया है। एजाज खान एवं सत्तार खान ने बताया कि शुरुआत में इस व्यवस्था को लागू करने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन अब पार्क में आने वाले लोगों को समय की जानकारी हो चुकी है और सभी सहयोग भी कर रहे हैं।हालांकि वर्तमान में पार्क में आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, जिससे महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है। समिति द्वारा इस संबंध में नगर निगम को सूचित कर दिया गया है जिस पर कार्यवाही की जा रही है कुछ कुत्तों को पकड़ा भी गया है कार्यवाही को देखते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर झोटवाड़ा थाना हैडकॉस्टेबल निजामुद्दीन व दीपेंद्र सिंह, सहित समिति अध्यक्ष रणवीर सिंह तंवर, एजाज खान सूबेदार, सत्तार खान सूबेदार, कैलाश गुप्ता, विष्णु टांक सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।




