Uncategorized

अपनेपन का भ्रम और विवेक की कसौटी – -डॉ.दक्षा जोशी ‘निर्झरा’

 

कहीं से मुझे ये पंक्तियां लिखीं मिलीं, जिसमें महाभारत के युद्ध में अर्जुन कृष्ण से कहते हैं,’ सामने अपने ही हैं माधव!’ तब श्री कृष्ण कहतें हैं -‘अपने हैं तो सामने क्यों हैं पार्थ?’
यह संवाद रिश्तों की सतही परिभाषाओं को तोड़कर उनके भीतर छिपे गहरे यथार्थ को सामने रखता है। “महाभारत रिश्तों की सही परिभाषा है..।”‌यह पंक्ति कहती है कि किसी संबंध की सच्चाई केवल जन्म, नाम या अतीत की साझा स्मृतियों से नहीं, बल्कि उस समय के आचरण से तय होती है जब मूल्य और संवेदनाएँ कसौटी पर हों।
अर्जुन कहते हैं, “सामने अपने हैं माधव”। यह वाक्य मानवीय हृदय की उस स्वाभाविक कोमलता और पीड़ा को दिखाता है, जहाँ अपनों के विरुद्ध खड़े होने का विचार ही मन को झकझोर देता है। रिश्तों की यह भावुकता ही मनुष्य को संवेदनशील बनाती है, पर कई बार यही भावुकता सच को देखने के रास्ते में धुंध भी पैदा कर देती है।
इसके ठीक विपरीत कृष्ण का प्रश्न,“अपने हैं, तो सामने क्यों हैं पार्थ”; एक तीक्ष्ण, सांकेतिक और विचारोत्तेजक दर्पण की तरह है। यह हमें सोचने पर विवश करता है कि जो वास्तव में ‘अपना’ होता है, वह अन्याय, अहंकार या मर्यादा के उल्लंघन में सहयोगी बनकर सामने क्यों खड़ा है? संबंधों की सूक्ष्म परतों में यह भेद समझना अत्यंत कठिन होता है कि कब कोई अपना केवल परिचय भर रह गया है और कब उसके कार्य उसे हमारे विवेक के विरुद्ध ले गए हैं।
जीवन के दैनिक संबंधों में भी यह स्थिति बार-बार आती है। परिवार, मित्रता या समाज में जब कोई क़रीबी व्यक्ति हमारी गरिमा, सत्य या न्याय के ख़िलाफ़ खड़ा होता है, तब मौन और संकोच के बीच एक गहरा द्वंद्व जन्म लेता है। हर बार शस्त्र उठाने की बात नहीं होती, पर अपनेपन के नाम पर अन्याय या अपमान को चुपचाप सहते रहना भी स्वयं से छल है।
सच्चा अपनापन वह नहीं जो केवल साथ होने का दावा करे, बल्कि वह है जो सत्य, सम्मान और करुणा की रक्षा करे। यह संवाद हमें कठोर होने का नहीं, बल्कि सजग और विवेकशील होने का संदेश देता है; ताकि हम मोह और धर्म के बीच का अंतर समझ सकें और अपने भीतर की सच्ची आवाज़ को पहचान सकें।
-डॉ.दक्षा जोशी ‘निर्झरा’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!